15 दिन में जलभराव नहीं हटा तो नगर पालिका का होगा घेराव, कांग्रेस की बैठक में प्रशासन को दी चेतावनी

गोंडा: शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक रविवार को कांग्रेस भवन में शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए संगठन ने जलभराव, बिजली व्यवस्था और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही जनहित के सवालों पर आंदोलन तेज करने का भी ऐलान किया गया।

जलभराव को लेकर नगर पालिका को 15 दिन का अल्टीमेटम
बैठक में मानसून के दौरान शहर के विभिन्न मोहल्लों में जलभराव की गंभीर समस्या पर चिंता जताई गई। नेताओं ने कहा कि नालियों की समय पर सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी ने कहा कि यदि गोंडा नगर पालिका 15 दिनों के भीतर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं करती है तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर नगर पालिका का घेराव करेगी।
बिजली बिल और जर्जर तारों का मुद्दा भी उठा
बैठक में बढ़ते बिजली बिलों, स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित मनमानी वसूली और जर्जर बिजली तारों से हो रही दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। कार्यकर्ताओं ने संबंधित विभाग से व्यवस्था में सुधार और जर्जर तारों को जल्द बदलने की मांग की।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची जारी करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को अब तक आवास नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। बैठक में प्रशासन से पात्र लाभार्थियों की सूची शीघ्र जारी कर उन्हें योजना का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की गई।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
नए जिला संयोजक का स्वागत, दो लोगों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
बैठक के दौरान प्रदेश नेतृत्व द्वारा डॉ. सैयद अब्दुल मुजीब को जन व्यथा निस्तारण समिति का जिला संयोजक बनाए जाने पर उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। वहीं पटेल नगर निवासी राजेश कुमार और मोहम्मद सलीम अंसारी ने कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में विनय प्रकाश त्रिपाठी, ओबैदुर रहमान ‘सिम्पू’, अजय रस्तोगी, बेबी मिश्रा, डॉ. हसीना, वाजिद अली, शाहिदा अंजुम, मुकेश सोनी, वसीम रैनी, मोहम्मद रिजवान, हरिराम वर्मा, जाकिर अली, भगवती प्रसाद सोनी, मोहम्मद तैयब, सज्जो खातून, आफताब अंसारी, कवलजीत, सिराज, बंसी सोनकर, रियाज, राजू सेवा दल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
