गोण्डा के सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं डीएम, एसपी और सीडीओ, 74 शिकायतों में 6 का मौके पर निस्तारण
गोण्डा: तहसील करनैलगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 74 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शेष शिकायतों को तय समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और उसकी आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शिकायतों के लिए टीम गठित कर मौके पर जांच के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की टीम गठित की जाए। टीम मौके पर जाकर स्थलीय जांच करे और शिकायत का पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण और चकमार्ग के मामलों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अवैध अतिक्रमण और चकमार्ग से जुड़े मामलों में राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम के माध्यम से मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब की जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जे, चकरोड, नाली और अवैध अतिक्रमण से संबंधित मामलों में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में हो निस्तारण, फोटो-वीडियोग्राफी भी कराएं
जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित मामलों में शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाया जाए और उनकी मौजूदगी का लिखित रूप से उल्लेख किया जाए। निस्तारण की प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का वास्तविक समाधान मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए।

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं किया गया तो संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद स्तरीय अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं का प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उप जिलाधिकारी करनैलगंज, तहसीलदार करनैलगंज, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

