सोना-चांदी फिर बनाएंगे नया रिकॉर्ड या आएगी बड़ी गिरावट? अगले हफ्ते ये आंकड़े तय करेंगे बाजार की दिशा

नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में पिछले सप्ताह जोरदार तेजी देखने को मिली। घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं ने शानदार बढ़त दर्ज की है। अब बाजार की नजर अगले सप्ताह जारी होने वाले अमेरिकी महंगाई और आर्थिक आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों से यह संकेत मिलेगा कि सोने-चांदी की तेजी आगे जारी रहेगी या ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के कारण कीमतों में गिरावट आएगी।

घरेलू वायदा बाजार में अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना पिछले सप्ताह 7,932 रुपये यानी 5.13 प्रतिशत चढ़कर करीब 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 10,673 रुपये यानी 4.52 प्रतिशत बढ़कर 2.46 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। जानकारों के मुताबिक कीमती धातुओं में बढ़ी खरीदारी, बॉन्ड प्रतिफल में नरमी और बाजार में बेहतर तरलता ने सोने को मजबूती दी।
अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर टिकी बाजार की नजर
अगले सप्ताह सोने और चांदी की दिशा तय करने में अमेरिका के कोर पीसीई महंगाई आंकड़े और सकल घरेलू उत्पाद के आंकड़े अहम भूमिका निभा सकते हैं। कोर पीसीई अमेरिकी केंद्रीय बैंक के पसंदीदा महंगाई संकेतकों में शामिल है।
अगर महंगाई के आंकड़े उम्मीद से नरम आते हैं तो अमेरिकी ब्याज दरों में कटौती की संभावना मजबूत हो सकती है। इससे सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं को सहारा मिल सकता है। वहीं महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा रहने पर ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता बढ़ सकती है, जिससे दोनों धातुओं की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
पश्चिमी एशिया का घटनाक्रम भी तय करेगा रुख
सोने और चांदी के बाजार पर पश्चिमी एशिया में जारी भू-राजनीतिक घटनाक्रम का भी असर रहेगा। खास तौर पर अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते तथा होरमुज जलडमरूमध्य के दोबारा खुलने से जुड़ी खबरों पर निवेशकों की नजर रहेगी।
-------------------------------------------------------------------------------------------
अगर क्षेत्र में तनाव बढ़ता है तो सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ सकती है। इसके उलट तनाव कम होने पर निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है, जिसका असर कीमतों पर पड़ सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी चमके
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पिछले सप्ताह दोनों कीमती धातुओं में तेज उछाल देखने को मिला। कॉमेक्स गोल्ड वायदा 5.5 प्रतिशत बढ़कर 4,680.6 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं सिल्वर वायदा करीब 7 प्रतिशत की तेजी के साथ 69.53 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।
तेजी के बीच मुनाफावसूली का भी खतरा
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अगले सप्ताह सोने और चांदी में तेजी का रुख बना रह सकता है। हालांकि, मौजूदा स्तर काफी ऊंचे होने के कारण बीच-बीच में मुनाफावसूली भी हो सकती है। ऐसे में अमेरिकी महंगाई आंकड़े और वैश्विक घटनाक्रम आने वाले दिनों में कीमती धातुओं की अगली चाल के लिए सबसे अहम संकेत साबित हो सकते हैं।

