तमिलनाडु में महिलाओं के लिए थलपति विजय का बड़ा ऐलान, साल में 3 LPG सिलेंडर मुफ्त और बस सेवा भी फ्री
चेन्नई: तमिलनाडु में थलपति विजय ने महिलाओं और परिवारों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने विधानसभा में ऐलान किया कि पात्र परिवारों की महिला मुखिया को हर साल तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू करने की भी घोषणा की गई है।
विजय की ओर से घोषित ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ योजना को अगले साल जनवरी में तमिलों के प्रमुख त्योहार पोंगल के अवसर से लागू करने की तैयारी है। योजना का उद्देश्य घरेलू रसोई के खर्च को कम करना और परिवारों को आर्थिक राहत देना है।
1.3 करोड़ परिवारों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत तमिलनाडु के करीब 1.3 करोड़ परिवारों को सीधे लाभ मिलने की बात कही गई है। पात्र परिवारों की महिला मुखिया को साल में तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे रसोई गैस पर होने वाला घरेलू खर्च कम होने की उम्मीद है।
विजय ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू करने का भी ऐलान किया है। इस घोषणा के साथ महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में आर्थिक राहत देने का दावा किया गया है।
चुनावी वादे में भी शामिल थी योजना
अन्नपूर्णी सुपर सिक्स योजना का उल्लेख तमिलगा वेत्री कड़गम की ओर से तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए चुनावी वादों में भी किया गया था। अब सरकार ने इसे लागू करने की तैयारी शुरू करने की घोषणा की है।
पोंगल से लागू करने की तैयारी
सरकार की योजना इस व्यवस्था को अगले साल जनवरी में पोंगल के मौके पर शुरू करने की है। तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा के जरिए सरकार की ओर से घरेलू खर्च और आवागमन से जुड़ी आर्थिक चुनौतियों को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाओं का ऐलान
विधानसभा में की गई इन घोषणाओं में महिलाओं को प्रमुख लाभार्थी बनाया गया है। मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर सीधे घरेलू बजट से जुड़ा है, जबकि मुफ्त बस सेवा महिलाओं के आवागमन पर होने वाले खर्च को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा है।
-------------------------------------------------------------------------------------------

