UP: बागपत एक्सप्रेसवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 5 की मौत, 27 घायल
बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। वाहन में कुल 32 लोग सवार थे। हादसे में एक बच्ची समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए।
पिकअप वाहन संख्या UP-24 AT-1819 में सवार सभी लोग राजस्थान के गोगामेड़ी से वापस अपने गांव अलाहपुर, थाना उझानी, जनपद बदायूं जा रहे थे। इसी दौरान बड़ागांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन सड़क पर पलट गया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, गंभीर मरीज दिल्ली रेफर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा और बागपत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां घायलों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को जीटीवी दिल्ली रेफर किया गया है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
देर रात अस्पताल पहुंचे डीएम और एसपी
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली।

