Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन


बरेली,14 सितंबर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति अभिरुचि, सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
माननीय कुलपति के अनुमोदन के उपरांत इन कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न कार्यक्रमों हेतु समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। प्रोफेसर विजय बहादुर यादव को हिंदी पखवाड़े के आयोजन का संयोजक नामित किया गया है।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत निम्नलिखित प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—
कविता पाठ प्रतियोगिता — समन्वयक: प्रो. विवेक गुप्ता एवं डॉ. पवन कुमार सिंह।
सुलेख प्रतियोगिता — समन्वयक: डॉ. ज्योति पाण्डेय एवं डॉ. अमित वर्मा।
निबंध प्रतियोगिता — समन्वयक: डॉ. आभा त्रिवेदी एवं डॉ.अजय यादव।
क्विज़ प्रतियोगिता — समन्वयक: प्रोफेसर अनीता त्यागी एवं डॉ. सौरभ वर्मा।
टाइपिंग प्रतियोगिता — समन्वयक: श्रीमती ममता सिंह, उप कुलसचिव।
कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह — समन्वयक: प्रो. आशुतोष प्रिय एवं डॉ. प्रीति यादव।
कार्यालय आदेश के अनुसार कविता पाठ, सुलेख, निबंध एवं क्विज़ प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी एवं शिक्षक प्रतिभाग कर सकेंगे, जबकि टाइपिंग प्रतियोगिता विशेष रूप से गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी संकायाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने संकाय एवं विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करें तथा अधिकाधिक सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि हिंदी पखवाड़ा विश्वविद्यालय की भाषायी, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय परिवार में हिंदी के प्रति रुचि एवं सम्मान को बढ़ावा देने के साथ-साथ रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा

बरेली से अखिलेश चन्द्र सकसेना की रिपोर्ट

-------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------