गोण्डा में वकीलों का बड़ा प्रदर्शन, मांगों को लेकर अम्बेडकर चौराहा जाम; प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

गोण्डा: जिले में अधिवक्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों वकील कलेक्ट्रेट परिसर से जुलूस की शक्ल में निकलकर दीवानी परिसर होते हुए अम्बेडकर चौराहा पहुंचे और मानव श्रंखला बनाकर चौराहा जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

चौराहा जाम होने से थमे वाहनों के पहिए
अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख अम्बेडकर चौराहे पर यातायात प्रभावित हो गया। छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों की आवाजाही रुक गई, जिससे आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
एसडीएम को सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन
धरना प्रदर्शन में पहुंचे उपजिलाधिकारी जितेंद्र गौतम को अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
कोर्ट परिसर में बढ़ती गर्मी और सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया
सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय प्रकाश त्रिपाठी और बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कहा कि सिविल कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में एसी के आउटर फैन लगे होने से तापमान बढ़ रहा है। इससे अधिवक्ताओं और वादकारियों को मुकदमों की पैरवी के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसका तत्काल समाधान कराने की मांग की।
-------------------------------------------------------------------------------------------
न्यायिक भ्रष्टाचार और जलभराव को लेकर भी जताई नाराजगी
अधिवक्ताओं ने गोण्डा न्यायपालिका में कथित न्यायिक भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा सिविल कोर्ट परिसर में जलभराव की समस्या को लेकर भी चिंता जताई गई। वकीलों का कहना है कि जलभराव के कारण बीमारियों का खतरा बना हुआ है, इसलिए जिला प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कदम उठाने चाहिए।
बिजली, पेयजल और चैंबर निर्माण की मांग
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। इसमें नियमित बिजली व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और बहुमंजिला अधिवक्ता चैंबर निर्माण जैसी मांगें शामिल हैं। अधिवक्ताओं ने इन समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश शासन को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।
अधिवक्ता नेताओं ने आंदोलन को दिया नेतृत्व
प्रदर्शन का संचालन सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री गौरीशंकर चतुर्वेदी और बार एसोसिएशन महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय ने किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

