गोंडा के अंकुर आर्य राष्ट्रीय सीबीएसई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग .

गोंडा। जनपद गोंडा के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोंडा के कक्षा 10वीं के छात्र अंकुर आर्य का चयन राष्ट्रीय सीबीएसई ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 24 सितंबर 2026 तक बाल प्रोग्रेसिव स्कूल, पानीपत, हरियाणा में किया जाएगा। अंकुर आर्य अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग करेंगे।
अंकुर आर्य, रानीपुरवा, गोंडा के निवासी हैं। उन्होंने हाल ही में सीबीएसई ईस्ट ज़ोन ताइक्वांडो क्लस्टर प्रतियोगिता, भदोही में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया था। अंकुर ने प्रतियोगिता में लगातार 6 मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
अंकुर के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोंडा में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक सुजैन दत्ता एवं सचिव श्री सुमित दत्ता ने अंकुर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अंकुर को ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि एवं ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पायल दुबे ने अंकुर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों एवं खेल विभाग ने भी खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
अंकुर के कोच डा. प्रत्यूष राज ने बताया कि अंकुर एक प्रतिभावान एवं मेहनती खिलाड़ी हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित किए हैं और अपने खेल प्रदर्शन से गोंडा जनपद का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
अंकुर के राष्ट्रीय स्तर पर चयन पर उनके पिता हृदेश कुमार आर्य एवं माता संगीता आर्य ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व है और उन्हें उम्मीद है कि अंकुर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिवार एवं गोंडा के खेल प्रेमियों ने अंकुर आर्य को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
-------------------------------------------------------------------------------------------

