पोषक आहार प्रदर्शनी में छात्राओं ने दिया स्वस्थ महिला, स्वस्थ परिवार’ का संदेश

गाँडा। आज दिनांक 21/09/2026 को सरस्वती देवी नारी जानस्थली पी. जी. कॉलेज, गौडा के गृह विज्ञान विभाग द्वारा पौष्टिक एवं संतुलित आहार पर एक अत्यंत ज्ञान वर्धक और आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था “यदि महिला स्वस्थ है, तभी पूरा परिवार स्वस्थ रह सकता है।” छात्राओं ने समझाया कि परिवार के स्वास्थ्य और पोषण की आधारशिला महिला ही होती है. इसलिए प्रत्येक महिला का अपने आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरुक होना अत्यंत आवश्यक है।

यह आयोजन गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती रंजना बंधु तथा असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमती सुषमा सिंह एवं श्रीमती सुनीता मिश्रा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इसमें बी.ए. प्रथम वर्ष तथा एम.ए. प्रथम वर्ष, प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छात्राओं ने अनाज, विभिन्न प्रकार के मोटे अनाजों यानी मिलेट्स, दालों, हरी सब्जियों तथा अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री से अनेक स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए। प्रदर्शनी में आटे एवं गेहूं से बने हलवे के साथ-साथ उबले चने, उबली मटर तथा मिलेट्स और हरी सब्जियों से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। छात्राओं ने अपने व्यंजनों के माध्यम से बताया कि संतुलित आहार में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन, खनिज तत्व, रेशे तथा पर्याप्त मात्रा में जल का समुचित समावेश होना चाहिए। सभी व्यंजनों को अत्यंत स्वच्छ, कलात्मक और सौदर्यपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधतंत्र की सदस्याएँ श्रीमती दीपाली मोदी, श्रीमती गुंजन शाह एवं श्रीमती पूजा छाबड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथिर्या ने छात्राओं के साथ संवादात्मक सत्र में संतुलित आहार, विभिन्न पोषक तत्वों तथा शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक खाद्य पदार्थों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। छात्राओं ने आत्मविश्वास एवं विषयगत ज्ञान के साथ सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए, जिसकी अतिथियों ने विशेष सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में अतिथिर्यो, शिक्षिकाओं तथा उपस्थित सदस्यों ने छात्राओं द्वारा बनाए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। सभी ने उनके स्वाद, पौष्टिकता, स्वच्छता और आकर्षक प्रस्तुतीकरण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने छात्राओं एवं गृह विज्ञान विभाग की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ परिवार के निर्माण में महिला की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
इस अवसर पर व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता रजत सहित विभिन्न विभागों की शिक्षिकाएँ तथा महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं के ज्ञान, रचनात्मकता, परिश्रम तथा पौष्टिक व्यंजनों के सौंदर्यपूर्ण प्रदर्शन की सराहना की।
