Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

नशा मुक्त भारत से लेकर भारतीय ज्ञान परंपरा तक, गोंडा में तीन भाषाओं में हुई भाषण प्रतियोगिता

गोंडा: श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के ललिता शास्त्री सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत आईक्यूएसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत भाषा में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशन में हुआ। प्रतियोगिता में तीनों भाषाओं के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

हिंदी भाषा की भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘नशा मुक्त भारत: सशक्त युवा, सशक्त राष्ट्र’ रखा गया। अंग्रेजी भाषा में ‘Indian Knowledge System: The Foundation of a Sustainable and Enlightened Society’ और संस्कृत भाषा में ‘सेवा संकल्पः राष्ट्रनिर्माणस्य मूलाधारः’ विषय पर प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे।

भाषण से ज्ञान और आत्मविश्वास विकसित करने पर जोर

अध्यक्षीय वक्तव्य में प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भाषण केवल अपने विचार व्यक्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, चिंतन, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन है।

सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी प्रोफेसर अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि एक अच्छा वक्ता वही होता है, जो अपने विचारों को स्पष्टता, तर्क और प्रभावशाली ढंग से समाज के सामने प्रस्तुत कर सके।

मुख्य नियंता प्रोफेसर संदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम संयोजक एवं मंच संचालक डॉ. परवेज आलम ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण प्रतिभाग करना, सीखना और अपने अनुभव को समृद्ध करना है।

हिंदी वर्ग में मिलिंद मिश्रा ने हासिल किया पहला स्थान

हिंदी वर्ग की प्रतियोगिता में एमए प्रथम सेमेस्टर के मिलिंद मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए तृतीय सेमेस्टर के आदर्श सिंह दूसरे और बीए प्रथम सेमेस्टर के पुष्कर तीसरे स्थान पर रहे।

-------------------------------------------------------------------------------------------

अंग्रेजी वर्ग में बीए तृतीय सेमेस्टर की मानशी सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी कक्षा के मुकुल द्विवेदी ने द्वितीय और बीए प्रथम सेमेस्टर के अभिषेक श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

संस्कृत वर्ग में आरती पांडेय प्रथम रहीं

संस्कृत भाषा वर्ग में बीए पंचम सेमेस्टर की आरती पांडेय ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीए प्रथम सेमेस्टर की स्वाति कौशल दूसरे और बीए तृतीय सेमेस्टर की कीर्ति देवी तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. चमन कौर और डॉ. वंदना भारतीय शामिल रहीं।

शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग को सराहा

सेवा संकल्प अभियान की संयोजक डॉ. रेखा शर्मा ने कार्यक्रम को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई दी। कार्यक्रम में डॉ. दिलीप शुक्ला, आकाश दीप, राम भरोसे और शंकर दयाल का सहयोग सराहनीय रहा।

प्रतियोगिता का औपचारिक समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------