रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केन्द्र की छात्रा श्रद्धा को पोस्टर प्रस्तुतीकरण में तृतीय पुरस्कार: राष्ट्रीय सेमिनार में दी प्रस्तुति

बरेला, 11अक्टूबर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के कल्चरल क्लब की छात्रा श्रद्धा शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), बरेली द्वारा आयोजित तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), लखनऊ द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय सेमिनार में श्रद्धा शर्मा ने पोस्टर प्रस्तुति कर तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार का विषय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उन्नयन में अनुसंधान और नवाचार का महत्व रहा। सेमिनार में विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों द्वारा शिक्षा में शोध, नवाचार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं शोध प्रस्तुत किए गए।
श्रद्धा शर्मा ने विज्ञान , पर्यावरण शिक्षा और सतत विकास विषय पर अपना पोस्टर प्रस्तुत किया। उनके प्रस्तुतीकरण में विज्ञान शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के बीच समन्वय को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया जिसे निर्णायक मंडल द्वारा सराहा गया तथा उन्हें तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय ने छात्रा श्रद्धा शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में शोध, नवाचार और रचनात्मक अभिव्यक्ति की भावना विकसित करना गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। श्रद्धा शर्मा की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने भी श्रद्धा शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि श्रद्धा ने अपने उत्कृष्ट पोस्टर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शोध एवं रचनात्मकता का प्रभावी परिचय दिया है। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र विद्यार्थियों की सांस्कृतिक के साथ साथ अकादमिक प्रतिभा और क्षमताओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और श्रद्धा की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।”श्रद्धा कविता लेखा, निबंध लेखन, पेंटिंग और नृत्य के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। श्रद्धा शर्मा की इस उपलब्धि पर कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी श्री महिमा चंद, परीक्षा नियंत्रक श्री अनिल कुमार यादव सहित शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के कल्चर क्लब की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी शोध, नवाचार एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करती रहेंगी। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

