Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बीबीएयू में MOOCs और SWAYAM पाठ्यक्रमों को लेकर कार्यशाला, उच्च शिक्षा को तकनीक से सशक्त बनाने पर जोर

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 9 अक्टूबर को एजुकेशनल मल्टीमीडिया रिसर्च सेंटर (मीडिया सेंटर) की ओर से स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन में MOOCs (Massive Open Online Courses) और SWAYAM पाठ्यक्रमों को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

MOOCs और SWAYAM की कार्यप्रणाली पर दी जानकारी

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. यू.वी. किरण मौजूद रहीं। वहीं मीडिया सेंटर के निदेशक एवं स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन के संकायाध्यक्ष प्रो. गोपाल सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

प्रो. यू.वी. किरण ने विश्वविद्यालय में MOOCs और SWAYAM प्लेटफॉर्म की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में किस तरह शामिल किया जा सकता है और इनके जरिए विद्यार्थियों को अपनी रुचि व जरूरत के अनुसार विभिन्न विषयों में अतिरिक्त ज्ञान और कौशल हासिल करने का अवसर मिल सकता है।

उन्होंने पाठ्यक्रम चयन, विद्यार्थियों के पंजीकरण, क्रेडिट प्रणाली, क्रेडिट ट्रांसफर और शैक्षणिक क्रेडिट को नियमित पाठ्यक्रमों के साथ जोड़ने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया।

विद्यार्थियों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण और लचीली शिक्षा का अवसर

प्रो. यू.वी. किरण ने कहा कि MOOCs और SWAYAM के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण और लचीली शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे छात्रों के ज्ञान, कौशल और शैक्षणिक दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर इन पाठ्यक्रमों को लागू करने, विभागों के बीच समन्वय, संकाय सदस्यों की भूमिका, मूल्यांकन प्रक्रिया और प्रमाणन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

शिक्षकों की भूमिका पर भी हुई चर्चा

मीडिया सेंटर के प्रोड्यूसर डॉ. निरंजन कुमार ने MOOCs के माध्यम से उच्च शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने में संकाय सदस्यों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिक्षक इन पाठ्यक्रमों के विकास और संचालन प्रक्रिया से जुड़कर विद्यार्थियों को बेहतर ऑनलाइन शिक्षण संसाधन उपलब्ध करा सकते हैं।

उन्होंने पाठ्यक्रम निर्माण, अध्ययन सामग्री तैयार करने और ऑनलाइन शिक्षण से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय समन्वयक (National Coordinator) के माध्यम से MOOCs की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम संचालन और संकाय सदस्यों के जुड़ने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।

कार्यशाला में विश्वविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद

कार्यशाला के दौरान प्रो. महेंद्र कुमार पाढी, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. कुंवर सुरेंद्र बहादुर, डॉ. लोकनाथ सिंह, मीडिया सेंटर के श्री आनंद असवाल, श्री अनुराग कुमार, श्री अभिलाष दास, श्री दुर्गेश मौर्य, श्री अनूप कुमार, श्री मयंक थपलियाल, श्री अरुण वर्मा सहित शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be