Tuesday, October 13, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बीबीएयू और नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग पर मंथन, संयुक्त शोध और छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान की बनी योजना

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में 12 अक्टूबर को नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय, काठमांडू के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक और शोध सहयोग की संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में शिक्षकों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान, संयुक्त शोध परियोजनाओं और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

कुलपति ने सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

कार्यक्रम का आयोजन बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन और अध्यक्षता में किया गया। त्रिभुवन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनिमल साइंस के संकायाध्यक्ष प्रो. किशोर चंद्र दहाल के नेतृत्व में नेपाली प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय पहुंचा।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कृषि विज्ञान, पशुपालन और जलीय कृषि (एक्वाकल्चर) समेत विभिन्न क्षेत्रों में शैक्षणिक और शोध सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक सहयोग से ज्ञान, अनुभव और अनुसंधान के नए अवसर विकसित होंगे।

उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग की शुरुआत शिक्षकों के पारस्परिक आदान-प्रदान से करने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने भविष्य में समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से इस सहयोग को औपचारिक रूप देने की दिशा में पहल करने की बात कही।

छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान और संयुक्त शोध पर चर्चा

बैठक के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान, आपसी रुचि वाले क्षेत्रों में संयुक्त शोध परियोजनाओं के संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

इसके अलावा डिग्री कार्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए क्रेडिट ट्रांसफर, शैक्षणिक मूल्यांकन, परीक्षा प्रणाली और अन्य अकादमिक गतिविधियों में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। दोनों संस्थानों ने अनुसंधान, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की शोध सुविधाओं का किया अवलोकन

नेपाल से आए प्रतिनिधिमंडल ने बीबीएयू के विभिन्न विभागों का भ्रमण किया और वहां संचालित शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने प्रयोगशालाओं, शोध सुविधाओं, अनुसंधान परियोजनाओं और विभिन्न विषयों में किए जा रहे नवाचारों का अवलोकन किया।

इस दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने शोध अनुभवों के आदान-प्रदान और भविष्य में संयुक्त अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम में डॉयरेक्टर, रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. शिशिर कुमार, वित्त अधिकारी प्रो. सनातन नायक, प्रो. शिल्पी वर्मा, बागवानी एवं प्राणी विज्ञान विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और अन्य संबंधित सदस्य मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------