Tuesday, October 13, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मा0 मुख्यमंत्री जी ने ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित

बरेली,13 अक्टूबर। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले प्रदेश के 68,000 ग्राम प्रहरियों का सम्मान आज पुलिस लाइन, बरेली से किया।

मा0 मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय एक हजार रुपये बढ़ाने के साथ ही उनके परिवारों को पांच लाख रुपये सालाना कैशलेस इलाज की सौगात दी। ग्राम प्रहरियों के मानदेय में एकमुश्त 40 प्रतिशत की वृद्धि से अब उन्हें 2500 के बजाय 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में ग्राम प्रहरियों को महज 1500 रुपये मानदेय मिलता था, वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 2500 रुपये किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 3500 रुपए प्रतिमाह किया जा रहा है। ग्राम प्रहरियों की जिम्मेदारी को देखते हुए उनकी सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं।

मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शहरों में सीसीटीवी कैमरे जिस तरह अपराधियों पर नजर रखते हैं, गांवों में ग्राम प्रहरी वही भूमिका निभाएं। संदिग्ध गतिविधियों, अपराध और जमीन कब्जाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। थानाध्यक्ष अथवा हलके के दारोगा सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करें, इससे सूचना तंत्र मजबूत होगा और छोटी घटनाओं को बड़ा विवाद बनने से रोका जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन में कानून का भय है। शहरों में सी0सी0टी0वी0 कैमरे और ए0आई0 तकनीक से संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी हो रही है। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को कठोर परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। प्रदेश में अब दंगा और उपद्रव नहीं होता है तथा कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेश, व्यापार और रोजगार बढ़े हैं।

मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले नवरात्र और दूसरे पर्वों पर उपद्रव की आशंका रहती थी। अब नवरात्रि के प्रथम दिन से ही गांव-गांव में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित हो रही हैं। विंध्यवासिनी धाम में पिछले दिनों सवा दो से ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मंगलवार सुबह छह बजे तक डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। देवीपाटन धाम में भी डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सीतापुर के ललिता देवी मंदिर और सहारनपुर की शाकंभरी देवी शक्ति पीठ पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ है। यह भयमुक्त वातावरण का ही परिणाम है।

मा0 मुख्यमंत्री जी ने ग्राम प्रहरियों से वन्यजीवों के खतरे, अफवाहों और भू-माफिया की गतिविधियों की सूचना भी प्रशासन को देने को कहा। उन्होंने पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बिजनौर का उल्लेख करते हुए कहा कि समय पर मिली सूचना बड़ी अनहोनी रोक सकती है। उन्होंने बताया कि 40 से अधिक तेंदुओं का रेस्क्यू किया गया है। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और राजस्व गांवों में ग्राम प्रहरियों की सजगता महत्वपूर्ण है। गांव सुरक्षित होंगे तो आत्मनिर्भर बनेंगे। इससे विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत का संकल्प मजबूत होगा।

मा0 वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने मानदेय बढ़ाकर ग्राम प्रहरियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है क्योंकि ग्रामीण शांति व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदली है। उन्होंने छह करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का दावा किया।

मा0 मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बरेली की नाथ नगरी की पावन भूमि पर मा0 मुख्यमंत्री जी का स्वागत है। उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री जी को बताया कि आज ग्रामीण व्यक्ति सरकार की बुराई नहीं सुनता तथा स्थानीय भाषा में बताया कि ग्रामीण जन किस प्रकार बाबा जी की सरकार की सराहना करते हैं।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अपने संबोधन से पूर्व मा0 मुख्यमंत्री जी को मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव और थाने के बीच सूचना एवं संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे अपराध, भूमि विवाद और शांति भंग की आशंका की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा साइबर ठगी और सोशल मीडिया की अफवाहों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करें। डिजिटल वालंटियर्स और व्हाट्सएप समूहों से सूचना तंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों के मानदेय में हुई वृद्धि उनके कार्य की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को मंच पर साफा पहनाकर और गिफ्ट हैम्पर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें जनपद बरेली के फरीदपुर से राजवीर सिंह, सिरौली से कुंवर पाल सिंह, बहेड़ी से राम राठौर, पीलीभीत के सुनगढ़ी से राजेंद्र वाल्मीकि, शाहजहांपुर के पुवायां से कमलेश, मुरादाबाद के कांठ से कमलेश सिंह सैनी, बिजनौर की शहर कोतवाली से राजेश सैनी, संभल के हजरतनगर गढ़ी से अनिल वाल्मीकि, रामपुर के टांडा से ध्यान सिंह चौहान, शाहबाद से प्रकाश और अमरोहा के नौगावां सादात से तेजपाल प्रजापति शामिल रहे। समारोह में ग्राम प्रहरियों के योगदान पर लघु फिल्म भी दिखाई गई। इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने सम्मानित किए गए ग्राम प्रहरियों के साथ सेल्फी भी ली।

कार्यक्रम में मा0 वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, मा0 पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, मा0 वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ0 अरुण कुमार, मा0 मंत्री सहकारिता विभाग/प्रभारी मंत्री जे0पी0एस0 राठौर, मा0 मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें संजय सिंह गंगवार, मा0 महापौर डॉ0 उमेश गौतम, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मा0 सांसद बरेली छत्रपाल गंगवार, मा0 राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, मा0 विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह व बहोरन लाल मौर्य, मा0 विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, मा0 विधायक बिथरी चैनपुर डॉ0 राघवेन्द्र शर्मा, मा0 विधायक नवाबगंज डॉ0 एम0पी0 आर्य, मा0 विधायक मीरगंज डॉ0 डी0सी0 वर्मा, अधिकारियों में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

उक्त के उपरांत मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा सर्किट हाउस में सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत पौधारोपण भी किया गया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------