योग से स्वस्थ तन और शांत मन का संदेश: एम.एड. प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास

बरेली, 29 अक्टूबर।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के शिक्षा विभाग में एम.एड. प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2026 के अंतर्गत वैल्यू एडेड गतिविधि के रूप में कल योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के महत्त्व, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में उसकी भूमिका तथा स्वस्थ जीवनशैली में योग के योगदान से परिचित कराना था।
कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय के दूरदर्शी नेतृत्व में विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु इस प्रकार की मूल्यवर्धित गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी सजग प्रयासरत है।
गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इनमें भुजंगासन, बालासन, उत्तानासन, सूर्य नमस्कार, धनुरासन, पश्चिमोत्तानासन, अर्धमत्स्येन्द्रासन तथा गोमुखासन प्रमुख रहे। प्रोफेसर विमल ने प्रत्येक आसन को करने की सही विधि का प्रदर्शन करते हुए उसके लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ, लचीला एवं ऊर्जावान बनाने के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होता है। सूर्य नमस्कार संपूर्ण शरीर को सक्रिय रखने में सहायक है, जबकि बालासन शरीर एवं मन को विश्राम प्रदान करता है। अन्य आसनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शरीर के विभिन्न अंगों के लचीलेपन, संतुलन तथा सही शारीरिक मुद्रा के महत्त्व को समझा।

इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को केवल योगासनों का व्यावहारिक ज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। भावी शिक्षकों के लिए योग का विशेष महत्त्व है, क्योंकि शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होते हैं।
समग्र रूप से यह गतिविधि ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रही। इसने विद्यार्थियों को भारतीय योग परंपरा के महत्त्व से परिचित कराते हुए यह संदेश दिया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की एक प्रभावशाली पद्धति है। विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष अरोड़ा ने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे सीखे हुए योगासनों का नियमित अभ्यास कर स्वयं को स्वस्थ रखें, जिससे उनके अध्ययन एवं अन्य सभी कार्य संतुलित रूप से चलते रहेंगे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
