Sunday, November 8, 2026
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मंडल स्तरीय युवा उत्सव में रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केन्द्र की सुनैना सक्सेना ने कविता लेखन प्रतियोगिता में प्राप्त किया तृतीय स्थान

 


बरेली, 07 नवंबर। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के अंतर्गत आयोजित मंडल स्तरीय युवा उत्सव में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की प्रतिभागी सुनैना सक्सेना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वरचित कविता लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों को स्वरचित कविता का लेखन एवं उसका प्रभावशाली पाठ करना था। इसमें सुनैना सक्सेना ने नशामुक्त विकसित भारत’ विषय पर अपनी मौलिक एवं प्रभावशाली कविता प्रस्तुत की। कविता में उन्होंने नशे के दुष्परिणामों, युवाओं के जीवन पर इसके प्रभाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका को संवेदनशील एवं सारगर्भित शब्दों में अभिव्यक्त किया। उनकी प्रभावशाली अभिव्यक्ति, विचारों की स्पष्टता एवं काव्यात्मक प्रस्तुति को सराहना मिली और उन्होंने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर माननीय कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने सुनैना सक्सेना को बधाई देते हुए कहा कि कविता लेखन एक सृजनात्मक एवं संवेदनशील कला है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने विचारों, भावनाओं और सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त कर सकते हैं। इस प्रकार की साहित्यिक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, मौलिक चिंतन तथा साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मंडल स्तर पर विश्वविद्यालय की छात्रा द्वारा तृतीय स्थान प्राप्त करना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने सुनैना के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पांडेय ने बताया कि विगत 3 नवंबर को आयोजित जनपद स्तरीय युवा उत्सव में विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के विद्यार्थियों ने तीन पुरस्कार प्राप्त किए थे। नियमानुसार जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ही मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए भेजा जाना था। इसी क्रम में स्वरचित कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सुनैना सक्सेना ने मंडल स्तरीय युवा उत्सव में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया और आज तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि सुनैना का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। सामाजिक विषयों पर कविता के माध्यम से अपनी बात रखना और उसे प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं साहित्यिक क्षमता को दर्शाता है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
सुनैना की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार , वित्त अधिकारी श्री महिमा चंद, परीक्षा नियंत्रक श्री अनिल कुमार यादव, सांस्कृतिक केंद्र समन्वयक डॉ. ज्योति पांडेय, डॉ. इंदरप्रीत, डॉ. सौरभ डॉ. रीना , डॉ.अतुल सहित कल्चरल क्लब के सदस्यों ने भी सुनैना की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be