Sunday, November 8, 2026
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बरेली मंडी में दीपोत्सव, सुविधाओं और व्यवस्थाओं के मामले में बरेली मंडी प्रदेश भर में प्रथम

बरेली,07 नवंबर।धनतेरस पर शुक्रवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति में स्वच्छता, समृद्धि और खुशहाली का अनूठा संगम देखने को मिला। स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान के तहत आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में दीपों की जगमगाहट के बीच किसानों के सम्मान और स्वच्छता का संदेश दिया गया। बच्चों के दीपोत्सव कार्यक्रम ने आयोजन में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दीपोत्सव में किसानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनकी खुशहाली से ही प्रदेश की समृद्धि का रास्ता निकलता है। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और उत्तर प्रदेश की पहचान में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान है। किसान दिन-रात मेहनत करके देश के लिए अन्न पैदा करता है। ऐसे में यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि जब किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे तो उसे स्वच्छ वातावरण, बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक व्यवहार मिले।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में स्वच्छता और सकारात्मक वातावरण बनाने का संदेश दिया है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मंडियों को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
विधायक ने बरेली मंडी की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि बरेली मंडी उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। यहां के अधिकारी, कर्मचारी और व्यापारी मिलकर स्वच्छता तथा किसानों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि दीपावली पर जलाया गया प्रत्येक दीप शुभता और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। मंडी में आयोजित यह दीपोत्सव भी किसानों, व्यापारियों और आमजन के जीवन में खुशहाली का संदेश लेकर आएगा।
कार्यक्रम में मंडी समिति की ओर से अपनी कृषि उपज मंडी में विक्रय करने वाले शीर्ष 15 किसानों को सम्मानित किया गया। किसानों के सम्मान के माध्यम से कृषि क्षेत्र में उनके योगदान और परिश्रम को सराहा गया।
मंडी समिति की ओर से किसानों और व्यापारियों को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना और मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना शामिल रहीं। किसानों को इन योजनाओं के उद्देश्य और उनसे मिलने वाली सहायता के बारे में जागरूक किया गया। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be