डासना जेल में आजम खान से मिले शिवपाल यादव, 2027 चुनाव पर हुई चर्चा; बोले- सपा की सरकार बनी तो खत्म करेंगे जाली से मुलाकात का नियम
गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आजम खान से मुलाकात की। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हुई इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। जेल में बातचीत के बाद शिवपाल यादव ने दावा किया कि आजम खान का मानना है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल है और 2027 में पार्टी की सरकार बनेगी।शिवपाल बोले- आजम खान और उनके परिवार का उत्पीड़न हो रहा है
आजम खान से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में आजम खान और उनके पूरे परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है। शिवपाल ने कहा कि आजम खान 10 बार विधायक, दो बार सांसद और चार बार मंत्री रह चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जेल में जाली के माध्यम से उनकी आजम खान से मुलाकात कराई गई। शिवपाल ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताते हुए कहा कि अगर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो जाली के जरिए मुलाकात कराने की व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आजम खान की तबीयत ठीक नहीं है।
2027 के चुनाव को लेकर भी हुई बातचीत
शिवपाल यादव के मुताबिक, मुलाकात के दौरान विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि आजम खान ने कहा है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल है और 2027 में पार्टी पूरी तरह सरकार बनाएगी।
चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल ने आरोप लगाया कि दोनों नेता भाजपा की सरकार बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन का पीडीए और समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

ईडी की गिरफ्तारी के बाद डासना जेल में बंद हैं आजम खान
आजम खान को रामपुर जेल से जमानत मिलने के बाद रिहाई के समय ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में की गई थी।
ईडी ने गिरफ्तारी के बाद आजम खान को अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद से वह गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। मामले में गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने 1 नवंबर को उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया था। ईडी ने उन्हें 31 अक्टूबर की रात गिरफ्तार किया था।
अखिलेश यादव भी कर चुके हैं आजम खान से मुलाकात
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 22 अक्टूबर को रामपुर जेल पहुंचकर आजम खान से मुलाकात की थी। उस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने आजम खान के खिलाफ चल रहे मामलों को राजनीतिक साजिश बताया था। अब शिवपाल यादव की डासना जेल में हुई मुलाकात ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा के भीतर आजम खान की भूमिका और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
