दिवाली पर जरूरतमंद बच्चों को बांटी खुशियां, 300 बच्चों को मिले नए जूते-चप्पल और स्टेशनरी

लखनऊ: दिवाली खुशियों और आपसी सहयोग का त्योहार है। इस मौके पर जहां लोग अपने और परिवार के लिए नए कपड़े व अन्य सामान खरीदते हैं, वहीं मोटिवेजर्स क्लब ने जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की पहल की। क्लब की ओर से ‘बादल पे पाँव है’ अभियान के तहत पांच दिनों तक विशेष कैंपेन चलाया गया। इसके अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों को नए जूते-चप्पल और स्कूल की स्टेशनरी वितरित की गई। इस पहल के जरिए करीब 300 बच्चों तक खुशियां पहुंचाई गईं।
अभियान के दौरान दो साल से लेकर अलग-अलग उम्र के जरूरतमंद लोगों को जूते-चप्पल और स्टेशनरी दी गई। नए जूते और सैंडल पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कुछ बच्चों ने खुशी के साथ आश्चर्य भी जताया। उनका कहना था कि नया सामान पहनने का मौका उन्हें बहुत कम मिलता है।
तीन साल से जारी है खुशियां बांटने की पहल
मोटिवेजर्स क्लब पिछले तीन वर्षों से शेफ नितिन मोहन के साथ दिवाली से कुछ दिन पहले यह अभियान चलाता आ रहा है। इस बार भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद बच्चों तक जरूरी सामान पहुंचाया गया।
शेफ नितिन मोहन ने बताया कि तीन साल से इस तरह का वितरण करने के अनुभव से यह समझ आया है कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले कई बच्चे गर्मी की तपिश और सर्दी की ठिठुरन में भी नंगे पैर चलते हैं। ऐसे बच्चों के लिए जूते-चप्पल कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि बुनियादी जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि क्लब पहले भी जरूरतमंद बच्चों को नए सामान वितरित करता रहा है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा।
अंकिता बरारा ने भी अभियान से जुड़कर बढ़ाया सहयोग
इस अभियान को मजबूती देने के लिए उद्यमी अंकिता बरारा भी सहयोगी के तौर पर जुड़ीं। उन्होंने कहा कि जब उन्हें इस पहल के बारे में जानकारी मिली और पता चला कि इसके जरिए बच्चों को नई वस्तुएं दी जा रही हैं, तो उन्होंने भी इससे जुड़कर लोगों तक खुशियां पहुंचाने का प्रयास किया।
अंकिता बरारा के मुताबिक, जरूरतमंद परिवार किसी तरह अपने खाने-पीने की व्यवस्था कर लेते हैं, लेकिन नए कपड़े, जूते और स्कूल की स्टेशनरी उनके लिए विलासिता जैसी चीजें होती हैं। सीमित संसाधनों के चलते इन वस्तुओं को खरीद पाना उनके लिए काफी मुश्किल होता है।

बच्चों के साथ समय बिताना सुखद अनुभव: मोहित अग्रवाल
समाजसेवी और व्यवसायी मोहित अग्रवाल ने भी अभियान में बच्चों के साथ समय बिताने और सामग्री वितरण के उद्देश्य को साझा किया। उन्होंने कहा कि अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर बच्चों के बीच जाना और उनके साथ वक्त बिताना बेहद सुखद अनुभव है।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग अपने लिए नया सामान खरीदते हैं, लेकिन दिवाली के मौके पर जरूरतमंद बच्चों को नए सामान मिलने पर उनके चेहरों की खुशी देखकर समाज के साथ त्योहार मनाने का वास्तविक भाव महसूस होता है।
आगे भी नए विचारों के साथ अभियान चलाने की योजना
मोटिवेजर्स क्लब के संस्थापक और अभियान की रूपरेखा तैयार करने वाले गौरव छाबड़ा ने बताया कि क्लब का प्रयास है कि हर त्योहार पर कुछ नया सोचकर जरूरतमंद लोगों तक खुशियां पहुंचाई जाएं।
उन्होंने बताया कि कोविड काल के दौरान भी क्लब ने एक अलग पहल की थी। उस समय सड़क किनारे दुकान लगाने वाले लोगों से दीये और मिट्टी के खिलौने खरीदे गए थे, क्योंकि महामारी के चलते उनकी बिक्री काफी कम हो गई थी। इसके बाद खरीदे गए सामान को अन्य लोगों के सहयोग से जरूरतमंदों के बीच वितरित कराया गया था। गौरव छाबड़ा ने कहा कि क्लब भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक अभियान जारी रखेगा।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
