उत्तर प्रदेशराज्य

संभल में पदयात्रा रोकने पर भड़के संत, बैरीकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े हजारों श्रद्धालु; पुलिस से धक्का-मुक्की में गिरी महिला कर्मी

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में हरिहर मंदिर की ओर निकाली जा रही पदयात्रा को रोकने के लिए पुलिस ने बैरीकेडिंग की तो संत और श्रद्धालु उग्र हो गए। पदयात्रियों ने पुलिस की बैरीकेडिंग को धकेलकर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। अफरा-तफरी के बीच एक महिला पुलिसकर्मी नीचे गिर गई। बाद में अधिकारियों के समझाने पर पदयात्रा को मंदिर परिसर में ही समाप्त करा दिया गया।

गुरुवार को कैला देवी मंदिर की परिक्रमा के बाद महंत ऋषिराज गिरी के नेतृत्व में हरिहर पदयात्रा निकाली गई। हाथों में झंडियां लिए हजारों श्रद्धालु सुबह करीब 11:40 बजे मंदिर से रवाना हुए। पदयात्रा मंदिर के मुख्य द्वार से निकलकर कैला देवी के मुख्य चौराहे पर पहुंची। यहां पुलिस की बैरीकेडिंग देखकर संत और पदयात्री नाराज हो गए। उन्होंने बैरीकेडिंग को धकेलते हुए आगे बढ़ना शुरू कर दिया।

मुख्य चौराहे से करीब 400 कदम आगे थाने मोड़ पर पुलिस ने भारी बैरीकेडिंग लगा रखी थी। यहां तैनात पुलिस बल ने पदयात्रियों को रोक दिया। मौके पर मौजूद दो क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और एसडीएम ने महंत ऋषिराज गिरी से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

अदालत में मामला लंबित होने का दिया हवाला

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने महंत को बताया कि हरिहर मंदिर से जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है। ऐसे में आगे पदयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जा सकती। काफी देर तक समझाने के बाद महंत ऋषिराज गिरी थाने वाले रास्ते से वापस मंदिर लौट गए। इसके बाद मंदिर परिसर में ही पदयात्रा का समापन कर दिया गया।

मंदिर परिसर में जुटे श्रद्धालुओं को महंत ने हरिहर भगवान के बारे में जानकारी दी। साथ ही अगले साल फिर से पदयात्रा निकालने की घोषणा की। पूरे घटनाक्रम के दौरान मुख्य चौराहे से थाने मोड़ तक पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए रहे।

क्या है हरिहर मंदिर और जामा मस्जिद विवाद?

संभल में हरिहर मंदिर और जामा मस्जिद को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला अदालत में विचाराधीन है। हिंदू पक्ष इस स्थल को हरिहर मंदिर बताता है। उसका आरोप है कि मुगलकाल में मंदिर को तोड़कर यहां मस्जिद बनाई गई थी। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने बुधवार को ही जामा मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया था।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be