मोदी और नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह ने सरयू-कमला ट्रेन को दिखाई हरी झंडी! नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की मदद का ऐलान, भारत आने का मिला न्योता
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने सोमवार को अयोध्या और नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला’ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा की। दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और नेपाल के ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई।नेपाल के विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की मदद
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अपने पड़ोसी देश नेपाल को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उसके विकास में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नेपाल में अगस्त महीने में आई भीषण बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए भारत 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज देगा।
बालेन्द्र शाह के पहले भारत दौरे की पीएम मोदी ने की तारीफ
पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा भारत का होना दोनों देशों की गहरी मित्रता को दर्शाता है। उन्होंने बालेन्द्र शाह की दूरदर्शिता और नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि कुछ महीने पहले संयुक्त राष्ट्र में विश्व के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में उनके संबोधन से नेपाल के भविष्य को लेकर उनका विजन स्पष्ट हुआ था।
मोदी ने कहा कि पिछले कुछ घंटों की बातचीत में उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेन्द्र शाह की स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता महसूस हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष नेपाल की जनता ने जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह वहां की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।
भारत-नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, अपनेपन का है
प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी होने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनेपन और अटूट विश्वास पर आधारित है। दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझा हैं। भारत और नेपाल एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं।

नेपाल के पीएम ने भारतवासियों को दिया नेपाल आने का न्योता
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने प्रधानमंत्री मोदी और भारत के लोगों को नेपाल आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने नेपाल की धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुक्तिनाथ, हिमालय की गोद में स्थित पशुपतिनाथ, तराई में माता जानकी और जनकजी की भूमि, जीवित देवी कुमारी तथा भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली का जिक्र किया।
उन्होंने नेपाल की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को भी नेपाल आने का निमंत्रण दिया। शाह ने कहा कि भारत और नेपाल की मित्रता दोनों देशों की खुशहाली सुनिश्चित करेगी।
पहाड़ों जैसा मजबूत हो भरोसा, नदियों जैसा बहता रहे सहयोग
बालेन्द्र शाह ने भारत-नेपाल संबंधों को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती ऐसी होनी चाहिए, जिसमें भरोसा पहाड़ों जितना मजबूत और सहयोग नदियों जितना लगातार बहता रहे। साझा आसमान के नीचे दोनों देशों की खुशहाली कभी खत्म न हो। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की मित्रता आपसी विश्वास और सहयोग के आधार पर लगातार आगे बढ़ती रहेगी।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
