Meta का भारत में बड़ा एक्शन! 6 महीने में 54 लाख से ज्यादा पोस्ट और अकाउंट पर लगाया प्रतिबंध, दुनिया में दूसरे नंबर पर पहुंचा देश
नई दिल्ली: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और थ्रेड्स की पैरेंट कंपनी मेटा ने भारत में बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने 2026 की पहली छमाही यानी छह महीने के दौरान 54 लाख से अधिक पोस्ट और अकाउंट पर प्रतिबंध लगाया है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा है। मेटा के ट्रांसपेरेंसी डेटा के मुताबिक, प्रतिबंधित किए गए ज्यादातर कंटेंट ऐसे थे, जिन पर कंपनी को स्थानीय कानूनों के तहत कार्रवाई करनी पड़ी।रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 में मेटा ने भारत में स्थानीय कानूनों के तहत करीब 70 हजार पोस्ट और अकाउंट पर प्रतिबंध लगाया था। इसके मुकाबले 2026 की पहली छमाही में कार्रवाई का आंकड़ा कई गुना बढ़ गया है। इस मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इंडोनेशिया के बाद भारत में सबसे ज्यादा कार्रवाई
मेटा के आंकड़ों के मुताबिक, स्थानीय कानूनों के तहत कंटेंट पर प्रतिबंध लगाने के मामले में इंडोनेशिया पहले स्थान पर है, जबकि भारत दूसरे नंबर पर है। कंपनी ने भारत में फेसबुक, इंस्टाग्राम और थ्रेड्स पर यह कार्रवाई की है।
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा प्रतिबंध

प्लेटफॉर्म के हिसाब से देखें तो फेसबुक पर करीब 28.22 लाख कंटेंट पर प्रतिबंध लगाया गया। वहीं, इंस्टाग्राम पर लगभग 26.16 लाख कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा थ्रेड्स पर भी 20 हजार से अधिक कंटेंट को प्रतिबंधित किया गया।
मेटा की इस कार्रवाई से भारत में सोशल मीडिया कंटेंट की निगरानी और स्थानीय कानूनों के पालन को लेकर कंपनी की सख्ती का संकेत मिलता है। हालांकि, उपलब्ध आंकड़ों में प्रतिबंधित कंटेंट की श्रेणियों और अलग-अलग मामलों के विस्तृत कारणों की जानकारी नहीं दी गई है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
