कोलकाता के 5-स्टार होटल में जर्मन नागरिक की रहस्यमयी मौत! दिल्ली-बनारस घूमकर पहुंचे थे, 25 नवंबर को लौटना था जर्मनी
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में स्थित एक पांच सितारा होटल में 67 वर्षीय जर्मन नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मिंटन थॉमस के रूप में हुई है। वह 21 नवंबर को होटल के कमरा नंबर 1602 में ठहरे थे। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया तो वह अंदर बेहोशी की हालत में मिले।काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को बुलाया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:40 बजे होटल कर्मचारियों ने मिंटन थॉमस के कमरे का दरवाजा कई बार खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में डुप्लीकेट चाबी से कमरा खोला गया तो मिंटन अंदर बेहोश पड़े मिले।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
होटल के कमरे से बाहर निकालकर उन्हें तत्काल कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस और डॉक्टरों को आशंका है कि उनकी मौत किसी शारीरिक बीमारी के कारण हुई होगी। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

मिंटन थॉमस की मौत का वास्तविक कारण जानने के लिए शव को कोलकाता पुलिस के मॉर्ग में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दिल्ली और बनारस घूमकर पहुंचे थे कोलकाता
जानकारी के मुताबिक, मिंटन थॉमस एक एजेंसी के माध्यम से भारत आए थे। उन्होंने दिल्ली और बनारस की यात्रा करने के बाद कोलकाता का रुख किया था। उनका 25 नवंबर को जर्मनी लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन इससे पहले ही होटल में उनकी रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
