विकसित भारत 2047 का रास्ता संविधान के मूल्यों से होकर गुजरता है, बीबीएयू में मंत्रियों और पूर्व न्यायाधीश ने रखे विचार

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। ‘संवैधानिक संकल्प एवं मूल्य: विकसित भारत @2047 की परिकल्पना का आधार’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान निर्माताओं के योगदान, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्घाटन समारोह में भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस मौके पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंगनाथ पाण्डेय और डॉ. शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के विधि संकाय की अध्यक्ष प्रो. शेफाली यादव भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का आयोजन बीबीएयू के विधि विभाग की ओर से किया गया।
कमलेश पासवान बोले- संविधान निर्माण में बाबासाहेब का योगदान समझना जरूरी
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और संविधान निर्माताओं की भूमिका को समझना हर नागरिक के लिए जरूरी है। खासतौर पर युवाओं और विद्यार्थियों को इस इतिहास की गहरी जानकारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर ने दुनिया के विभिन्न देशों के संविधानों का गंभीरता से अध्ययन किया था। उनके ज्ञान और अनुभव ने भारतीय संविधान को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंत्री ने बाबासाहेब के सामाजिक संघर्षों और उनके विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहें, बल्कि देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण की परिस्थितियों को भी समझें।
विकसित भारत के लिए आर्थिक प्रगति के साथ संवैधानिक मूल्यों पर जोर
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी विकास के साथ संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र के मूल आधार हैं।

उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल आर्थिक समृद्धि नहीं है, बल्कि संसाधनों का न्यायसंगत वितरण, आर्थिक असमानताओं में कमी और लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना भी है। इस दिशा में राज्य के नीति-निदेशक तत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मानव संसाधन के विकास और प्रत्येक व्यक्ति को उसकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक मौलिक अधिकारों के जरिए समानता और शोषण से मुक्ति सुनिश्चित करना विकसित भारत की बुनियादी जरूरत है।
प्रतिभा शुक्ला ने विद्यार्थियों को अच्छे नागरिक बनने का दिया संदेश
उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि संविधान से मिले अधिकार देश और समाज के विकास को दिशा देते हैं। इन संवैधानिक मूल्यों को वास्तविक जीवन में लागू करने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने समाज से जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव, इंसानियत और मानवता को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने न्याय व्यवस्था में वकीलों, न्यायाधीशों और आम नागरिकों के बीच विश्वास तथा संवेदनशीलता को महत्वपूर्ण बताया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे पढ़ाई को गंभीरता से लें और अच्छे वकील बनने के साथ शिक्षित, संस्कारवान तथा नैतिक मूल्यों का पालन करने वाले नागरिक भी बनें।
पूर्व न्यायाधीश बोले- संसद नहीं, संविधान है सर्वोच्च
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंगनाथ पाण्डेय ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए स्वतंत्रता, विधि का शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के बिना सशक्त प्रजातंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन उपलब्धियों के साथ अपनी कमियों और चुनौतियों का आकलन करना भी जरूरी है। न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि न संसद सर्वोच्च है और न ही सर्वोच्च न्यायालय, बल्कि भारतीय संविधान सर्वोच्च है। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक मूल्यों के साथ नैतिकता को भी अपनाने की आवश्यकता बताई।
समावेशी विकास से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना
डॉ. शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के विधि संकाय की अध्यक्ष प्रो. शेफाली यादव ने 26 नवंबर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से समाज के आर्थिक और सामाजिक जीवन में बड़े बदलाव लाना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए समावेशी विकास जरूरी है। इसमें गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों सहित समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा। उन्होंने 35 से 40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की आकांक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्थिक दक्षता के साथ सामाजिक समानता का संतुलन भी बनाए रखना होगा। विकास का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक भी उसकी पहुंच सुनिश्चित हो।
मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी जरूरी
बीबीएयू के विधि विभाग की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सुदर्शन वर्मा ने संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों, अनुच्छेद 32 के तहत संवैधानिक उपचारों के अधिकार, राज्य के नीति-निदेशक तत्वों और मौलिक कर्तव्यों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि केवल अधिकार मिलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके उल्लंघन की स्थिति में न्याय पाने की व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है।
उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दोनों के बीच संतुलन जरूरी है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और बाबासाहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया गया। प्रो. सुदर्शन वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि डॉ. खुशनुमा बानो ने कार्यक्रम की रिपोर्ट पेश की।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र मिले
कार्यक्रम के दौरान विधि सलाहकार बंधु और उपभोक्ता साक्षरता क्लब के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही पोस्टर निर्माण, नारा लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिमांशु पांडेय ने पहला, मुस्कान कुमारी ने दूसरा और आदित्य कुशवाहा ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रद्युम्न दास को सांत्वना पुरस्कार मिला। नारा लेखन प्रतियोगिता में अस्मिता भारती प्रथम, प्राची गौतम द्वितीय और वैभव आनंद तृतीय स्थान पर रहे। पल्लवी भारद्वाज को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में प्राची गौतम ने पहला, ऐशानी दत्ता ने दूसरा और दीशिता युगल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रिंगू ताबिल को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। प्रो. अनीस अहमद ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
