देशराजनीति

संविधान दिवस पर BJP और कांग्रेस आमने-सामने, भाजपा मनाएगी संविधान गौरव दिवस तो खरगे निकालेंगे संविधान रक्षा मार्च

नई दिल्ली: संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए अपनी गतिविधियां संचालित करेंगी। भाजपा इस दिन को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाएगी, जबकि कांग्रेस संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ मार्च निकालेगी। भाजपा की ओर से जेपी नड्डा, अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संविधान रक्षा मार्च में शामिल होंगे।

भाजपा की ओर से अहमदाबाद, नई दिल्ली और पटना में प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में भारतीय संविधान के महत्व और इसके निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर की भूमिका को याद किया जाएगा।

दिल्ली में अमित शाह करेंगे संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह नई दिल्ली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर 3 बजे पटना के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन सभागार में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।

अहमदाबाद में जेपी नड्डा के दो कार्यक्रम

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में संविधान दिवस के अवसर पर दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह दोपहर 3:55 बजे सारंगपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे पालडी स्थित टैगोर हॉल में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

लखनऊ में खरगे की मौजूदगी में निकलेगा संविधान रक्षा मार्च

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को दोपहर 12:40 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। यहां वह आंबेडकर महासभा में डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के बाद खरगे कांग्रेस की ओर से आयोजित संविधान रक्षा मार्च में हिस्सा लेंगे। इस दौरान संविधान के संरक्षण और उसके मूल्यों को लेकर पार्टी का संदेश दिया जाएगा।

क्यों मनाया जाता है 26 नवंबर को संविधान दिवस?

भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी तारीख को वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। हालांकि, संविधान देश में 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ, जिसके बाद इस दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।

संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जबकि कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च के जरिए अपनी बात रखेगी। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों में संविधान और उसके मूल्यों को केंद्र में रखा गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be