Featured NewsTop Newsदेश

उत्तर भारत में सर्दी का सितम तेज: कश्मीर में माइनस 3.6 डिग्री पहुंचा पारा, दिल्ली-NCR में कोहरे के साथ बढ़ेगी ठिठुरन

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर के साथ सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ने लगा है। कश्मीर घाटी के अधिकांश इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR में भी आने वाले दिनों में कोहरे और गिरते तापमान से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में 26 से 28 नवंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

कश्मीर में ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में पारा गिरकर माइनस 1.9 डिग्री पर पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया।

कश्मीर में घना कोहरा, जम्मू में दिन के समय गर्मी का एहसास

घाटी के कई इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसके विपरीत जम्मू शहर में दिन का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना रहा। बीते 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में कहीं भी बारिश या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई।

हिमाचल प्रदेश में भी सुबह और शाम की ठंड बढ़ रही है। मंडी और हमीरपुर जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 20 से 30 मीटर रह गई। इससे सड़कों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।

मध्य और पश्चिम भारत में मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इन राज्यों में बारिश के आसार नहीं हैं और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि, रात के तापमान में मामूली गिरावट के कारण ठंड का असर बढ़ सकता है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी कोहरे को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। 26 नवंबर को ओडिशा और 27 नवंबर तक असम, मेघालय, मणिपुर तथा त्रिपुरा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में सुबह-शाम कोहरा, तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग ने 26 से 28 नवंबर के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में सुबह और रात के समय हल्के से घने कोहरे की संभावना जताई है। दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह धुंध और हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।

इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे खासकर सुबह और देर रात ठंड का असर अधिक महसूस होगा।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत में जहां ठंड और कोहरा बढ़ रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। पूर्वी हवाओं के प्रभाव से 26 और 27 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा 26 नवंबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली में दिन में धूप, रात में ठंडी हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

राजधानी दिल्ली में दिन और रात के तापमान में अंतर साफ नजर आने लगा है। बुधवार को तेज धूप के कारण दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम दर्ज किया गया।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट आई, जबकि अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री बढ़ा। दिन में धूप के कारण लोगों को राहत मिली, लेकिन रात में ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। बदलते मौसम के चलते लोगों ने गर्म कपड़े और जैकेट पहनना शुरू कर दिया है।

अगले 48 घंटे में और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। इनके प्रभाव से अगले 48 घंटों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब दो डिग्री गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

वहीं, अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री तक की गिरावट आ सकती है और यह 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दो दिनों में दिन के समय भी ठंड का असर बढ़ सकता है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be