Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

AI मंथन 2.0 में कुलपति प्रो. राय के नेतृत्व में रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय की प्रभावी सहभागिता। विश्वविद्यालय ने AI क्षेत्र में अकादमिक, शोध, नवाचार और नीतिगत पहल पर लगाई प्रदर्शनी

बरेली,14 सितम्बर। उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के अनुरूप विकसित करने की दिशा में आयोजित AI मंथन 2.0 में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली ने कुलपति प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय के नेतृत्व में प्रभावी सहभागिता की। 12 एवं 13 सितंबर को कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित इस दो दिवसीय आयोजन में प्रदेश के विश्वविद्यालयों ने AI के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं का प्रदर्शन किया।

विश्वविद्यालय की ओर से AI आधारित अकादमिक गतिविधियों, शोध, नवाचार तथा भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न AI पहलों और उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उपयोग की जानकारी साझा की। प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय द्वारा AI के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों ने प्रतिभागियों का ध्यान आकर्षित किया।

कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने AI मंथन के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा AI के क्षेत्र में किए जा रहे अकादमिक कार्यों, शोध एवं नवाचार तथा नीतिगत स्तर पर की गई पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य AI को केवल तकनीकी विषय तक सीमित न रखते हुए शिक्षण-अधिगम, शोध, नवाचार, प्रशासन, छात्र सेवाओं और कौशल विकास से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि AI के दौर में विश्वविद्यालयों को पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था से आगे बढ़कर AI-enabled, student-centric और innovation-driven higher education की दिशा में काम करना होगा। विद्यार्थियों और शिक्षकों में AI की समझ एवं दक्षता विकसित करने के साथ-साथ शोध में AI के जिम्मेदार और नैतिक उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

प्रो. राय ने विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि AI को विश्वविद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके अंतर्गत AI आधारित शिक्षण-अधिगम, शोध एवं डेटा विश्लेषण, डिजिटल प्रशासन, स्मार्ट छात्र सेवाएं, कौशल विकास, नवाचार एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने AI के उपयोग के साथ डेटा सुरक्षा, नैतिकता, पारदर्शिता और मानवीय मूल्यों को भी समान महत्व देने की आवश्यकता पर बल दिया।

AI मंथन 2.0 में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने दोनों दिनों प्रतिभागियों और विश्वविद्यालयों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों में AI के प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग, नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया।

दो दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा प्रस्तुत AI आधारित गतिविधियों, नवाचारों और उपलब्धियों पर विचार-विमर्श हुआ। आयोजन ने प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच AI के क्षेत्र में ज्ञान-साझेदारी, अनुभवों के आदान-प्रदान और भविष्य की साझा रणनीति विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

कुलपति प्रो. राय ने कहा कि AI विश्वविद्यालयों के लिए केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि शिक्षा की पूरी कार्यसंस्कृति को बदलने का अवसर है। आने वाले समय में वही विश्वविद्यालय आगे बढ़ेंगे जो AI को अपनाने के साथ मानवीय संवेदनाओं, नैतिकता और भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ उसका संतुलित समन्वय स्थापित करेंगे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------