मनाली से लेह तक का सफर 98 घंटे में दौड़कर किया पूरा, अजमेर की सुफिया को मिला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

अजमेर: भारतीय अल्ट्रा-डिस्टेंस रनर सुफिया सूफी के लिए लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। राजस्थान के अजमेर की रहने वाली 38 वर्षीय सुफिया को मनाली-लेह के बेहद कठिन और ऊंचे रास्तों को दौड़कर पार करने के लिए औपचारिक रूप से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट मिल गया है। उन्होंने 480 किलोमीटर की यह जानलेवा दूरी महज 98 घंटे और 27 मिनट में पूरी की थी। यह एक ऐसा कारनामा है जिसे अब तक कोई और महिला एथलीट अंजाम नहीं दे पाई है। सुफिया ने 100 घंटे के सांकेतिक बेंचमार्क को तोड़ते हुए सबसे तेज महिला रनर बनने का गौरव हासिल किया है।
बर्फ और ऑक्सीजन की कमी के बीच जीती जंग
सुफिया का यह रिकॉर्ड इंसानी सहनशक्ति की मिसाल है। मनाली से लेह तक के इस रूट पर दौड़ना लोहे के चने चबाने जैसा है। इस सफर में रोहतांग और तंगलांग ला जैसे पांच ऊंचे हिमालयी दर्रे शामिल हैं। दौड़ के दौरान उन्हें 8,500 मीटर से अधिक की चढ़ाई (Elevation gain), कड़ाके की ठंड और माइनस डिग्री तापमान का सामना करना पड़ा। इतनी ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर समुद्र तल के मुकाबले काफी कम होता है, जिससे सांस लेना दूभर हो जाता है। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद सुफिया ने न केवल दौड़ पूरी की, बल्कि इतिहास भी रच दिया।
सर्टिफिकेट मिलने में लग गए दो साल

दिलचस्प बात यह है कि सुफिया ने यह दौड़ 2023 में ही पूरी कर ली थी और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे तभी मान्यता भी दे दी थी। लेकिन, प्रशासनिक कारणों और डिलीवरी चैनल्स में कस्टम क्लियरेंस की दिक्कतों के चलते असली सर्टिफिकेट अब, यानी 2026 की शुरुआत में उन तक पहुंचा है। सर्टिफिकेट मिलते ही सुफिया ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की और अपने स्पॉन्सर्स व सपोर्ट क्रू का धन्यवाद किया। उन्होंने देरी का जिक्र मजाकिया लहजे में करते हुए कहा कि आखिरकार मेहनत का फल उन्हें मिल ही गया।
एविएशन छोड़ चुनी दौड़ने की राह
सुफिया की कहानी युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है। साल 1987 में जन्मी सुफिया ने करीब 10 साल तक एविएशन इंडस्ट्री में नौकरी की। शुरुआत में उन्होंने फिटनेस सुधारने और नौकरी की बोरियत दूर करने के लिए दौड़ना शुरू किया था, लेकिन धीरे-धीरे यह उनका जुनून बन गया। इससे पहले भी वह कश्मीर से कन्याकुमारी (87 दिनों में 4,000 किमी) और स्वर्णिम चतुर्भुज (110 दिनों में 6,002 किमी) दौड़कर गिनीज रिकॉर्ड बना चुकी हैं। हिंदुस्तान जिंक की ब्रांड एंबेसडर सुफिया अब ‘रन अराउंड द ग्लोब’ अभियान की तैयारी कर रही हैं, जिसके तहत वह दुनिया भर में हजारों किलोमीटर दौड़कर मानवता और शांति का संदेश देंगी।


