मनोरंजन

अखिल सचदेवा ने दिग्गत राहत फ़तेह अली खान से मिली तारीफ को किया याद, बताया कैसे इस एक पल ने बदल दी उनकी जिंदगी

मुंबई, मार्च, 2025: किसी महान कलाकार के आइकॉनिक गीत का अपना वर्जन गाना एक चुनौतीपूर्ण काम है, लेकिन अपने काम के लिए किसी लीजेंडरी से तारीफ हासिल करना भी एक कलाकार के लिए किसी सपने से कम नहीं होता है। और ऐसा ही एक अनुभव अखिल सचदेवा को राहत फ़तेह अली खान के साथ मिला, जब उन्होंने एक गाने के लिए उनकी सराहना की।

जी हाँ, और अपनी जिंदगी के इस सबसे खास पल का जिक्र खुद अखिल सचदेवा ने किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने म्यूजिकल करियर के शुरुआती दौर में ‘मैं तेनु समझावां की’ के कवर को अपनी आवाज़ दी थी, जिसे मूल रूप से दिग्गज राहत साहब ने गाया था। यह कवर तुरंत हिट हो गया और ऑनलाइन वायरल हो गया, जिससे वे रातों-रात एक सनसनी बन गए। इसी के चलते उन्हें राहत फ़तेह अली खान के कॉन्सर्ट में ओपनिंग एक्ट परफॉर्म करने का एक मौका मिला।

-------------------------------------------------------------------------------------------

उन्होंने कहा, “यह 2014 की बात है, जब गुरुग्राम में एक म्यूजिकल कॉन्सर्ट था, जहाँ मुझे राहत साहब के लिए ओपनिंग करने का मौका मिला। मैंने अपना सेट ‘मैं तेनु समझावां की’ के साथ खत्म किया, जो प्रोफेशनली रिकॉर्ड किया गया मेरा पहला गाना था। राहत साहब उस समय बैकस्टेज पर थे और उन्होंने मुझे गाते हुए सुना। इसके बाद फिर जैसे ही वे स्टेज पर आए, उन्होंने मेरी गायकी की तारीफ़ की और यहाँ तक कह दिया कि मैंने यह गाना उनसे भी ज्यादा खूबसूरती से गाया है। उनके मुँह से ये शब्द सुनना मेरे लिए एक अनोखा पल और एक बहुत बड़ा आशीर्वाद था। उनके गाए गाने को गाना एक बात थी, लेकिन उसी के लिए उनकी सराहना पाना एक उपलब्धि की तरह था।”

अपने करियर की इतनी धमाकेदार शुरुआत करने के बाद, आज अखिल इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम बन चुके हैं। ‘हमसफर’, ‘तेरा बन जाऊँगा’ और ‘चन्ना वे’ जैसे हिन्दी गाने उनके नाम हैं। यही नहीं, आज भी वे अपने फैन्स को अपनी मैजिकल वॉइस से दीवाना कर देते हैं।

---------------------------------------------------------------------------------------------------