Sunday, March 22, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

अखिलेश का तीखा हमला: बोले- यूपी चुनाव 2027 में जनता बीजेपी को डिटेंशन सेंटर भेजेगी, सपा बनाएगी विकास की सरकार

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अन्याय और अधर्म के रास्ते पर चल रही है और जब-जब वह कमजोर होती है, तब-तब और अधिक सांप्रदायिक हो जाती है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता 2027 के चुनाव में भाजपा को ‘डिटेंशन सेंटर’ में भेजने का काम करेगी।

भाजपा पर नफरत की राजनीति का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और उसका पूरा एजेंडा समाज को बांटने पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ‘आरोपजीवी’ हैं, जिनका काम केवल समाजवादी पार्टी पर बेबुनियाद आरोप लगाना रह गया है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा जब सत्ता और जनसमर्थन के मामले में कमजोर होती है, तब उसका सांप्रदायिक चेहरा और खुलकर सामने आता है।

सपा की राजनीति सकारात्मक और जनहितकारी

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, गरीबों और महिलाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े सुधार किए जाएंगे, जिससे प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

गरीबों को मुफ्त इलाज, महिलाओं को सालाना सहायता का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जो भी वादा करती है, उसे निभाने का काम करती है और जनता को कभी निराश नहीं करती।

कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पर फोकस करने का निर्देश

सपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची में हर पात्र मतदाता का नाम जुड़वाने के अभियान में पूरी ताकत से जुट जाएं। साथ ही उन्होंने भाजपा की कथित हेरा-फेरी से सावधान रहने की भी नसीहत दी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बेईमानी करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सतर्क रहना होगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------