अमेरिका से जंग की आहट के बीच ईरान में बड़ा फेरबदल, खामेनेई ने NSA अली लारिजानी को सौंपे प्रमुख अधिकार

तेहरान: अमेरिका के साथ संभावित टकराव की आशंकाओं के बीच ईरान ने शीर्ष स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। अमेरिकी अखबार The New York Times की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अहम अधिकार वरिष्ठ नेता अली लारिजानी को सौंप दिए हैं।

रिपोर्ट में ईरानी अधिकारियों और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि क्षेत्रीय परिस्थितियों और अमेरिका तथा इज़राइल के साथ बढ़ते तनाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। बताया गया है कि लारिजानी अब सुरक्षा, सैन्य और कूटनीतिक रणनीतियों के समन्वय में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, इस निर्णय के साथ व्यापक आकस्मिक योजना भी तैयार की गई है, जिसमें नेतृत्व व्यवस्था की निरंतरता सुनिश्चित करने के उपाय शामिल हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि देश की सैन्य तैयारियों की समीक्षा की गई है, मिसाइल प्रणालियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की भूमिका को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि सरकार की ओर से इस पर औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी हमले की आशंका को देखते हुए ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में अपनी सैन्य गतिविधियां बढ़ाई हैं। हाल ही में ‘सय्याद-3जी’ मिसाइल के परीक्षण की भी जानकारी सामने आई है। वर्तमान में लारिजानी सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव हैं और परमाणु वार्ता, क्षेत्रीय सहयोगियों से संपर्क तथा आंतरिक सुरक्षा संबंधी मामलों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन क्षेत्रीय हालात को देखते हुए पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
