Tuesday, November 24, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बीबीएयू में फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली, कार्यवाहक कुलपति ने दिखाई हरी झंडी

 

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 22 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’, ‘नशा मुक्त अभियान’ और ‘फिट इंडिया कैंपेन’ के तहत साइकिल रैली आयोजित की गई। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

कार्यवाहक कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन का संचालन विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स सेक्शन, नशा मुक्ति समिति, उन्नत भारत अभियान (यूबीए), आईबीएसबी समिति और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाई ने संयुक्त रूप से किया।

रैली में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी ने स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

युवाओं से नशे से दूर रहने और फिटनेस अपनाने की अपील

इस अवसर पर प्रो. सुनीता मिश्रा ने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और समय का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण में करना चाहिए। जीवन में सकारात्मक आदतों को अपनाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने नियमित व्यायाम और शारीरिक सक्रियता के महत्व पर जोर देते हुए साइकिलिंग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है।

आयोजकों ने प्रतिभागियों का जताया आभार

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मनोज कुमार धड़वाल ने रैली में शामिल होने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और सहयोगी समितियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्त परिसर और फिट भारत का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समाज में नशामुक्ति एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be