Top Newsदेशराज्य

टोंक में बड़ा हादसा : स्कॉर्पियो नदी में गिरी, दो महिलाओं की मौत; पांच लोग घायल

मंदिर दर्शन से लौट रहा था परिवार, शीशे तोड़कर बचाई गई जान टोंक। जिले के पीपलू थाना क्षेत्र में बुधवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां मंदिर दर्शन से लौट रहा एक परिवार स्कॉर्पियो सहित सहोदरा नदी में जा गिरा। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने कार के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला।
नदी की पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम नहीं
हादसा रात करीब 8 बजे ढूंढिया गांव के पास क्षतिग्रस्त रपट पर हुआ। पुलिया उतरते ही आगे कोई बैरिकेड्स नहीं थे, जिससे तेज रफ्तार में आती स्कॉर्पियो सीधे नदी में उतर गई और आधी गाड़ी पानी में डूब गई। ग्रामीण लगभग आधे घंटे तक राहत कार्य में जुटे रहे और कांच तोड़कर सभी सवारों को बाहर निकाला।
पीपलू थाना प्रभारी रघुवीर सिंह के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे। सभी अजमेर जिले के रहने वाले हैं और बुधवार सुबह सवाईमाधोपुर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।
इलाज के दौरान दो महिलाओं की मौत
सभी घायलों को सआदत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात करीब 9 बजे दो महिलाओं—सुप्यार (45) पत्नी सुखराम और मंजू (50) पत्नी जीवनराम—ने दम तोड़ दिया।
शादी के बाद दर्शन कर लौट रहे थे
परिवार में हाल ही में 25 नवंबर को शादी हुई थी। समारोह के बाद बुधवार को पूरा परिवार रणथंभौर गणेश जी के दर्शन के लिए गया था। लौटते वक्त देर रात यह हादसा हो गया।
घायल हुए पांच सदस्य
हादसे में जीवनराम (55) पुत्र छोटूराम जाट, सुशील (25) पुत्र जीवनराम, सीता (30) पुत्री जीवनराम, सुमन (28) पत्नी सुशील और सुखराम (50) पुत्र नाथूराम घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सहोदरा नदी की पुलिया पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------