बड़वानी में कार खाई में गिरी, दो की मौत, दो घायल; मरीज को अस्पताल छोड़कर लौटते समय हुआ हादसा

इंदौर। बड़वानी जिले के पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाटी थाना क्षेत्र के गोलगांव के पास बिलियापानी घाट में एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे वाहन चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

चालक को झपकी आने से हादसा
पुलिस के मुताबिक, लगता यही है कि हादसा चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। बड़वानी से सेमलेट की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में सकरीया पुत्र रजान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक इकराम पुत्र रुलसिंग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मरीज को भर्ती कराकर लौट रहे थे कार सवाल
जानकारी के अनुसार, सेमलेट गांव के चार युवक एक गंभीर बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए पाटी लेकर आए थे। मरीज की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। मरीज को अस्पताल छोड़कर लौटते समय यह हादसा हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। प्रभारी एसडीओपी महेश सुनैया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को खाई से बाहर निकाला।
हादसे में बियालाल पुत्र भीमसिंग और भंगा पुत्र रजान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
