बीबीएयू में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत चला स्वच्छता अभियान, घर-घर पहुंचकर लोगों को किया जागरूक

लखनऊ डेस्क: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर को स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा के नेतृत्व में अभियान में शिक्षक, कर्मचारी, सफाई सेवक और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।

घर-घर पहुंचकर स्वच्छता का दिया संदेश
अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर के आसपास रजनी खंड, साउथ सिटी और आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया गया। इस दौरान स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को अपने घर और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए जागरूक किया गया।
लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
रेलवे लाइन और सार्वजनिक स्थलों पर चला सफाई अभियान
-------------------------------------------------------------------------------------------
विश्वविद्यालय परिसर के समीप रेलवे लाइन और उसके आसपास के क्षेत्रों के अलावा बाजारों, दुकानों, रास्तों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की गई और लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी
स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, सफाई सेवक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

