विदेश

पश्चिम एशिया में फिर बढ़ा युद्ध का खतरा! केशम द्वीप और बंदर अब्बास पर अमेरिकी हवाई हमले, धमाकों से दहला ईरान

नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य में एक दिन पहले तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका ने इन हमलों को अस्वीकार्य बताते हुए ईरान को कड़े परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इसके बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के केशम द्वीप, बंदर अब्बास और सीरिक क्षेत्र में हवाई हमले शुरू कर दिए। हमलों के बाद दक्षिणी ईरान के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

केशम द्वीप, बंदर अब्बास और सीरिक में कई धमाके

ईरानी मीडिया के मुताबिक, दक्षिणी ईरान के केशम द्वीप और बंदर अब्बास में लगातार तेज विस्फोट हुए। सरकारी मीडिया ने बताया कि सीरिक क्षेत्र में भी सात धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी बंदरगाह शहर सीरिक के ताहेरुई पियर इलाके में छह प्रोजेक्टाइल गिरे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अमेरिकी सेंटकॉम ने हमलों की पुष्टि की

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की है। सेंटकॉम के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है। अमेरिकी सेना ने इन हमलों को ईरान की ओर से की गई कार्रवाई का जवाब बताया है।

सेंटकॉम ने कहा कि जहाजों पर हुए हमले अनुचित, खतरनाक और युद्धविराम के उल्लंघन की श्रेणी में आते हैं। इसी आधार पर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की गई है।

ईरान ने अमेरिका पर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के प्रावधानों का उल्लंघन है और इसके लिए अमेरिका जिम्मेदार है। ईरान ने स्पष्ट किया कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।

तेल प्रतिबंधों को लेकर भी बढ़ा दबाव

होर्मुज में जहाजों पर हुए हमलों के बाद अमेरिका ने ईरानी तेल के उत्पादन और बिक्री से जुड़े जनरल लाइसेंस को भी रद्द कर दिया था। इस फैसले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है, जिससे पूरे पश्चिम एशिया में हालात फिर से चिंताजनक हो गए हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------