5 दिसंबर को देवेंद्र फडणवीस लेंगे शपथ, बनेंगे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री, BJP की बैठक में हुआ फैसला
मुंबई: महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले मुंबई में कोर कमेटी की बैठक हुई, इस बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में निर्मला सीतारमण, विजय रूपाणी, देवेंद्र फडणवीस खास तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान पहले से ही देवेंद्र फडणवीस का नाम सीएम के पद के लिए आगे चल रहा था। इस बैठक में खबर सामने आ रही है किमहाराष्ट्र के अगले सीएम के तौर पर देवेंद्र फडणवीस को कोर कमेटी की ओर से हरी झंडी मिल गई है। सूत्रों के अनुसार, अब देवेंद्र फडणवीस 5 दिसंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, भाजपा कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई है।
3.30 बजे जाएंगे राजभवन
इसके ठीक बाद महायुति गठबंधन की बैठक हो रही है, जिसमें जल्द ही महायुति की ओर से अधिकारिक मुहर भी लग जाएगी। इसके बाद वे समर्थकों के साथ राज्यपाल से मिलने राजभवन 3.30 बजे जाएंगे और इसकी घोषणा करेंगे। महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के तौर पर 5 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि कल शपथ ग्रहण के दौरान मुंबई के आजाद मैदान में देवेंद्र फडणवीस के साथ सिर्फ दो डिप्टी सीएम शपथ लेंगे।
आशीष शेलार बने मुख्य सचेतक
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में दो नेताओं का चयन हुआ है, शिवसेना से एकनाश शिंदे और एनसीपी से अजित पवार। इन दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और फिर से सरकार बनाएंगे। इसके अलावा पार्टी ने महाराष्ट्र में भाजपा के मुख्य सचेतक के रूप में आशीष शेलार को नियुक्त किया है।
इस दौरान महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, “देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में हम सभी ने ऐतिहासिक चुनाव लड़ा और महायुति के लिए ऐतिहासिक जनादेश हासिल किया। हम प्रधानमंत्री मोदी की मदद से महाराष्ट्र को नंबर वन स्थान पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”उन्होंने आगे कहा, “हमें महाराष्ट्र के करोड़ों लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहिए कि हमने 149 सीटों पर चुनाव लड़ा और 132 सीटें जीतीं जो इतिहास में सबसे ज़्यादा है। हमारे सहयोगियों ने भी 57 और 41 सीटें जीतीं। 7 विधायकों ने भी हमें समर्थन दिया है, इसलिए इस विधानसभा में हमारे पास 237 महायुति सदस्य होंगे।”