उत्तर प्रदेश

पत्रकारिता मिशन और राष्ट्र निर्माण पर जोर, रायबरेली उपज अधिवेशन में संतोष गंगवार बोले—समाज को दिशा देने में मीडिया की अहम भूमिका

रायबरेली में आयोजित उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) के प्रादेशिक अधिवेशन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पत्रकारों से राष्ट्र और समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। दिल्ली रोड स्थित पर्यटक आवास गृह होटल राही में आयोजित उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने की महत्वपूर्ण शक्ति है।

रुहेलखंड की पत्रकारिता पर ऐतिहासिक टिप्पणी

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि रुहेलखंड के पत्रकारों ने स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी और आज डिजिटल युग में भी पत्रकारिता की वही मूल भावना उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ऐसी होनी चाहिए जो जनसरोकारों से जुड़ी हो और लंबे समय तक लोगों के मन में अपनी पहचान बना सके।

पत्रकारिता को बताया मिशन और नैतिक जिम्मेदारी

विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत तलवार से अधिक होती है, क्योंकि यह विचारों का निर्माण करती है और समाज को दिशा देती है।

राष्ट्र निर्माण में पत्रकारों की भूमिका पर जोर

वरिष्ठ पत्रकार, पूर्व कुलपति और नेशनल बुक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बल्देव भाई शर्मा ने कहा कि ऐसे अधिवेशन संवाद और सामूहिक चिंतन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

वहीं विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनकी निष्पक्ष लेखनी समाज की चेतना को आकार देती है।

संगठनात्मक गतिविधियों और पत्रकार समस्याओं पर चर्चा

कार्यक्रम में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन बाबा संजीव आकांक्षी ने किया और आभार जिलाध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा ने व्यक्त किया।

पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा

अधिवेशन के बाद आयोजित आम सभा और प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें पत्रकार पेंशन, आयुष्मान कार्ड की विसंगतियां, रेल यात्रा रियायत बहाली, आवासीय कॉलोनी, प्रेस मान्यता समिति का गठन, रोडवेज में सहवर्ती यात्रा सुविधा, पत्रकार सुरक्षा और छोटे समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन जैसी मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------