किसानों को CM मोहन यादव का तोहफा, धान की खेती पर मिलेंगे प्रति हेक्टेयर 4000 रुपये
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के धान उत्पादक किसानों को धान उपार्जन पर प्रति हेक्टेयर 4000 रुपये की प्रोत्साहन राशि इसी माह प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने आगे कहा कि किसानों को पहले भी कई सौगातें दी गई हैं। मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन पर 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान का निर्णय लिया गया।
किसानों को होगा फायदा
वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि धान उत्पादक पात्र किसानों को धान उपार्जन किए जाने पर प्रति हेक्टेयर 4 हजार रूपये की अतिरिक्त राशि प्रदान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार संकल्प पत्र के अनुसार जन कल्याण के महत्वपूर्ण निर्णय निरंतर ले रही है। इससे पहले भी किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना पर काम किया जा रहा है। यह परियोजना भी किसानों के लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की समृद्धि में ऐसी परियोजनाएं महत्वपूर्ण होंगी। उन्होंने प्रदेश के किसानों को धान उपार्जन पर प्रोत्साहन राशि के लिए बधाई भी दी।
गेहूं उत्पादन पर भी मिलेगा लाभ
सीएम मोहन यादव ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों को भी प्रति क्विंटल 175 रूपये अतिरिक्त बोनस राशि दी जायेगी। उन्होंने कहा कि मूल्य संवर्धन योजना (प्राइस सपोर्ट स्कीम) के तहत वर्ष 2024 में 6.69 लाख किसानों द्वारा 12.2 लाख हेक्टेयर रकबे में उत्पादित धान का विक्रय किया गया है। धान उत्पादक किसानों को मुख्यमंत्री कृषक प्रोन्नति योजना में प्रति हेक्टेयर 4000 रूपये का लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश के किसानों को 488 करोड़ रूपये का अतिरिक्त लाभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों को भी समर्थन मूल्य 2425 रूपये के अतिरिक्त 175 रूपये प्रति क्विंटल की बोनस राशि दी जायेगी।
इस प्रकार गेहूं के उपार्जन पर प्रति क्विंटल 2600 रूपये की राशि मिलेगी। इस वर्ष प्रदेश में 80 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन अनुमानित है। प्रदेश के किसानों को 175 रूपये प्रति क्विंटल बोनस के रूप में मिलने से लगभग 1400 करोड़ रूपये की अतिरिक्त राशि का लाभ होगा।