गोण्डा में धूमधाम से मनाया गया गणगौर महोत्सव, पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ रंगारंग कार्यक्रमों की रही धूम

गोण्डा के रानी बाजार स्थित श्री राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला में शनिवार को मारवाड़ी युवा मंच देवीपाटन महिला शाखा द्वारा गणगौर महोत्सव बड़े ही उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जहां पूरे दिन भक्ति और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला।

पूजन-अर्चना के साथ हुई महोत्सव की शुरुआत
महोत्सव से एक दिन पूर्व शुक्रवार की शाम मंदिर परिसर में गणगौर माता की स्थापना की गई। शनिवार को समाज की महिलाएं अपने-अपने घरों से गणगौर माता को लेकर मंदिर पहुंचीं। यहां नवविवाहित महिलाओं समेत सभी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद अर्पित किया और अपने पति की दीर्घायु की कामना की।
दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से कार्यक्रम का आगाज
मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें महिला मंडल की प्रांतीय उपाध्यक्ष नीलम जैन, वरिष्ठ पदाधिकारी सविता गोयल और गुंजन मोदी शामिल रहीं। इसके बाद गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।
नृत्य प्रतियोगिता और ब्राइडल प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में हिना-दीक्षा सिंघल, श्रेया बंसल, वर्तिका-सीमा सोमानी, प्रिया भावसिंहका और अंशिका भावसिंहका ने पारंपरिक गीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं ब्राइडल प्रस्तुति में तन्वी अग्रवाल, हर्षिता नहारिया, साक्षी अग्रवाल, पंखुड़ी जालान समेत अन्य प्रतिभागियों ने गणगौर गीतों पर मनमोहक नृत्य कर सभी का मन मोह लिया।

गेम्स, प्रश्नोत्तरी और हाउजी में महिलाओं ने दिखाया उत्साह
महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए ‘वन मिनट शो’, सरप्राइज प्रश्नोत्तरी और हाउजी गेम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सही जवाब देने वालों को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया गया। हाउजी गेम का संचालन भावना सोमानी और मंच के सदस्यों ने किया।
स्टॉल और खानपान ने बढ़ाया आकर्षण
मंदिर परिसर में साड़ी, सूट, चूड़ियां, गेम्स और खानपान के कई स्टॉल लगाए गए थे। बेकरी, चॉकलेट, चाट और आइसक्रीम जैसे व्यंजनों का महिलाओं और बच्चों ने जमकर आनंद लिया।
समाज की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम का संचालन नीलम जैन और नीतू गर्ग ने किया। इस दौरान महिला मंडल की पदाधिकारी, समाज की महिलाएं, बच्चे और मंच के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
