गिरावट पर लगा ब्रेक, सोना-चांदी में तूफानी तेजी: इतने रुपए महंगी हुई चांदी, गोल्ड ने भी लगाई छलांग

नई दिल्ली: बीते कुछ दिनों से सराफा बाजार में जारी मायूसी अब खत्म होती दिख रही है। सोना और चांदी की कीमतों में चल रहे ‘क्रैश’ के सिलसिले पर मंगलवार को अचानक ब्रेक लग गया। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार की शुरुआत होते ही दोनों कीमती धातुओं में तूफानी तेजी देखने को मिली। बाजार खुलते ही चांदी के भाव में जहां 21,000 रुपये से ज्यादा का उछाल आया, वहीं सोना भी पीछे नहीं रहा और खुलने के साथ ही 5,000 रुपये से ज्यादा महंगा हो गया।
बाजार खुलते ही चांदी में जबरदस्त उछाल

मंगलवार को एमसीएक्स पर कारोबार शुरू होते ही 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी के वायदा भाव में तगड़ी खरीदारी देखी गई। एक ही झटके में चांदी अपने पिछले बंद भाव से 21,000 रुपये से ज्यादा चढ़ गई। आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को एमसीएक्स पर चांदी का भाव 2,36,261 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन मंगलवार सुबह यह सीधे 2,57,480 रुपये प्रति किलो के स्तर पर ओपन हुई। हालांकि, इस भारी तेजी के बावजूद चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से सस्ती है। बता दें कि 29 जनवरी को चांदी ने 4,30,048 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था, जिससे वर्तमान भाव अभी भी करीब 1.62 लाख रुपये नीचे है।
सोने की चमक भी लौटी, भाव 1.49 लाख के पार
चांदी की तरह सोने की कीमतों में भी जोरदार वापसी हुई है। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाले सोने का भाव सोमवार को 1,43,991 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मंगलवार को कारोबारी सत्र की शुरुआत में ही यह उछलकर 1,49,485 रुपये पर पहुंच गया। इस हिसाब से 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत में 5,494 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, चांदी की तरह सोना भी अपने ‘लाइफ टाइम हाई’ से अभी दूर है। 29 जनवरी को सोने ने 1,93,096 रुपये का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। आज की तेजी के बाद भी सोना उस स्तर से करीब 43,611 रुपये सस्ता मिल रहा है।


