सावन और आगामी त्योहारों को लेकर गोण्डा पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा; अपराधियों पर निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश

गोण्डा: सावन माह और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा एवं समन्वय गोष्ठी की। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आगामी त्योहारों को पिछले वर्षों की तरह शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। नियमित पैदल गश्त, रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों और शोभायात्राओं के आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग और व्यवस्थाओं का पालन कराने को कहा गया।
अफवाह और भ्रामक सूचना पर सोशल मीडिया की निगरानी
पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना को फैलने से रोका जा सके। बैठक में लंबित अभियोगों, गंभीर और जघन्य अपराधों, वांछित अभियुक्तों, वारंटियों तथा लंबित विवेचनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा गया कि थाने आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
त्योहारों को लेकर थाना स्तर पर बनेगी सुरक्षा कार्ययोजना
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे जमीन पर लागू किया जाए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने और छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त एवं चेकिंग के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस और थाना पुलिस को संयुक्त रूप से प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।
वांछित और वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी पर जोर
बैठक में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध शस्त्रों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने को कहा गया।
अपराध होने से पहले उसकी रोकथाम के लिए बीट पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के साथ महिला बीट अधिकारियों को नियमित भ्रमण करने तथा महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित करने के लिए कहा गया।
हर परिस्थिति में पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल को हमेशा सतर्क रखें।
बैठक में आपसी समन्वय, टीम भावना और पूर्ण सतर्कता के साथ काम करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, यातायात प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
