Top Newsदेशराजनीति

केवल नियम नहीं, पूरी नीति बदल रही सरकार… PM मोदी बोले- अगली पीढ़ी के सुधारों से बदलेगी व्यवस्था

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार का फोकस केवल नियमों में बदलाव करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी नीति व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक विकास दर को बनाए रखने और शासन व्यवस्था को सरल बनाने के लिए अगली पीढ़ी के सुधार लागू किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में राजनीतिक स्थिरता के साथ नीतियों में निरंतरता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक विकास से जुड़ी कई चुनौतियों से गुजर रही है और संसाधनों का इस्तेमाल दबाव बनाने के साधन के तौर पर भी किया जा रहा है। इसके बावजूद वैश्विक स्तर पर भारत को विकास के एक मजबूत और उज्ज्वल केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।

लाइसेंस राज पर पीएम मोदी का निशाना

प्रधानमंत्री ने पिछली सरकारों की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय की व्यवस्था लोगों को अभाव में रखने वाली थी। इसके चलते नागरिकों को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए भी सरकार पर निर्भर रहना पड़ता था। उन्होंने कहा कि लाइसेंस राज ने बेरोजगारी की समस्या को बढ़ाया, जबकि उनकी सरकार नए अवसर पैदा करने पर जोर दे रही है।

मोदी ने कहा कि सरकार का मानना है कि जिस काम पर कानून के तहत स्पष्ट रोक नहीं है, उसके लिए अलग से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन को आसान बनाने और आम लोगों के जीवन में सुविधाएं बढ़ाने के लिए नीतिगत स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं।

अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्टअप को सरकार का समर्थन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ी 20 स्टार्टअप कंपनियों के प्रमुखों और संस्थापकों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने युवा अंतरिक्ष उद्यमियों को सरकार के पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने अंतरिक्ष तकनीक के इस्तेमाल को आम लोगों के जीवन और विभिन्न क्षेत्रों से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक का इस्तेमाल कृषि, पशुधन प्रबंधन, डेयरी, पर्यावरण और रोजमर्रा के जीवन से जुड़े दूसरे क्षेत्रों में किया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य के लिए देश की क्षमताओं को मजबूत करने में सरकार अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्टअप के साथ खड़ी रहेगी।

-------------------------------------------------------------------------------------------

अंतरिक्ष तकनीक के नए इस्तेमाल पर जोर

मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र में काम कर रही कंपनियों से अपनी तकनीक के नए क्षेत्रों में इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से लोगों का जीवन आसान बनाने के नए तरीकों पर काम किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष मलबा हटाने के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कंपनियां पर्यावरण संगठनों के साथ मिलकर अपनी तकनीकों का विस्तार कर सकती हैं। मोदी ने कहा कि भारत का निजी अंतरिक्ष क्षेत्र देश की बड़ी ताकत बन सकता है और ऐसा माहौल तैयार किया जाना चाहिए, जहां दुनिया अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए भारत की ओर देखे।

छोटे बदलावों से बदल रही देश की तस्वीर

प्रधानमंत्री ने भारतीय रेलवे, दिल्ली मेट्रो और नमो रैपिड रेल में किए गए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बदलाव यह दिखाते हैं कि देश समय के साथ आगे बढ़ रहा है।

मोदी ने कहा कि पहले भारत का नक्शा तैयार करने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ती थी, जबकि विदेशी उपग्रह भारत की मैपिंग कर सकते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है। साथ ही सीमा से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है, जिससे सीमा क्षेत्रों की तस्वीर में भी बदलाव आया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------