पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय लक्ष्मनपुर जाट में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन, खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित

गोण्डा जिले के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय लक्ष्मनपुर जाट में 14 मार्च 2026 को वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों की झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश सिंह ने कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि ने छात्रों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। छात्रों ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, बास्केटबॉल में द्वितीय स्थान, हॉकी में तृतीय स्थान तथा शतरंज प्रतियोगिता में भी तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विजयी छात्रों को प्रमाण पत्र, मेडल और खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की आधुनिक प्रयोगशालाओं का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में स्थापित लर्निंग बाय डूइंग प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए छात्रों की शिक्षा को और बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उनके प्रभावी उपयोग की है।
स्कूल से बाहर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम में विद्यालय द्वारा स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों के चिन्हांकन की पहल की भी जानकारी दी गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस कार्य के लिए विद्यालय के समस्त स्टाफ की सराहना की और निर्देश दिया कि 3 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। साथ ही विद्यालय से संबद्ध आंगनबाड़ी के बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
शिक्षक, जनप्रतिनिधि और अतिथियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, जिलाध्यक्ष किरण सिंह, सुधा सिंह (प्रधानाध्यापक, दुल्लापुर खालसा), राज्य स्तरीय वॉलीबॉल कोच अतुल कुमार, अजय कुमार शुक्ला, तेजेन्द्र कुमार त्रिवेदी, विदेश्वरी प्रसाद (ग्राम प्रधान, लक्ष्मनपुर जाट), अशोक कुमार यादव भानू, पूर्व प्रधान राजेन्द्र सिंह, शिव सिंह और पूजा राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में हुआ सफल आयोजन
पूरे कार्यक्रम का संयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक अफजाल अहमद द्वारा किया गया। वार्षिक उत्सव के दौरान छात्रों की प्रतिभा, खेल उपलब्धियों और शैक्षिक गतिविधियों को मंच प्रदान किया गया, जिससे विद्यालय का वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भर गया।
