महराजगंज में प्रेमी से निकाह की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, साढ़े तीन घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने सकुशल उतारा

निचलौल (महराजगंज) में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से निकाह की जिद को लेकर डोमाकाटी गांव के बाहर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई से वह बार-बार कूदने की धमकी दे रही थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और करीब साढ़े तीन घंटे तक चला यह हाई-वोल्टेज ड्रामा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

प्रेम संबंध में अड़चन बनी परिवार की असहमति
जानकारी के मुताबिक, निचलौल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती उस युवक से निकाह करना चाहती है। युवक भी इसके लिए तैयार बताया जा रहा है, लेकिन युवक के स्वजन इस रिश्ते के खिलाफ हैं और उसकी निकाह कहीं और तय करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बात से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया।
सुबह छह बजे टावर पर चढ़ी, निकाह की सहमति तक उतरने से इनकार
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे युवती गांव के बाहर स्थित टावर पर चढ़ गई। वह लगातार यही कहती रही कि जब तक उसके प्रेमी से निकाह के लिए परिवार की सहमति नहीं मिलेगी, वह नीचे नहीं उतरेगी। नीचे खड़ी कुछ महिलाएं उसे समझाने का प्रयास करती रहीं, जबकि कई युवक इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन से बनाते रहे। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने संभाली कमान, भीड़ हटाकर शुरू की समझाइश

सूचना मिलते ही निचलौल थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि शोर-शराबे से युवती और अधिक उत्तेजित न हो। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने संवाद के माध्यम से उसे समझाने की कोशिश शुरू की। इस दौरान युवती कई बार भावुक होकर रोने लगती और अपने प्रेम संबंध व निकाह की जिद दोहराती रही।
तेज धूप के बीच भी नहीं मानी, आखिरकार 9:30 बजे उतरी नीचे
करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान धूप भी तेज हो गई थी, लेकिन युवती अपने फैसले पर अड़ी रही। पुलिस और दोनों पक्षों के स्वजन लगातार धैर्य और संयम के साथ उससे बातचीत करते रहे। अंततः समझाइश और आश्वासन के बाद सुबह करीब 9:30 बजे युवती टावर से नीचे उतरने को तैयार हुई।
थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। पुलिस युवक और युवती दोनों को थाने लेकर आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों के स्वजन को भी बुलाया गया है। मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
