Top Newsदेशराज्य

नागपुर हिंसा में भीड़ ने महिला पुलिसकर्मियों से की छेड़छाड़, किए अश्लील इशारे और कमेंट; मामला दर्ज

नागपुर: सोमवार देर रात को महाराष्ट्र के नागपुर के चिटनिस पार्क से सीए रोड पर प्रदर्शनकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। एक महिला पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर थी। भीड़ ने महिला पुलिस कर्मचारी से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ बदमाशों ने पीड़ित महिला पुलिस कर्मचारी की वर्दी खींचने की कोशिश की और उसके शरीर को भी छूने की कोशिश की। महिला पुलिस कर्मचारी ने यौन उत्पीड़न की इस हरकत की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की है और इसके बाद भीड़ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में यह बात सामने आई है कि इसी भीड़ ने मौके पर मौजूद अन्य महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें देखकर अश्लील इशारे और अश्लील टिप्पणियां की गईं।

नागपुर में सोमवार को रात दंगाइयों द्वारा जलाए गए दो पहिया, चार पहिया वाहनों और निर्माण कार्य में लगने वाली मशीनों का पंचनामा करने का कार्य प्रशासन द्वारा शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा दुकानों ,घरों में तोड़फोड़ से हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। नागपुर जिला अधिकारी द्वारा इसका पत्र भी विभागों को सौंप दिया गया है कि जल्द से जल्द पंचनामा तैयार करें, पंचनामा की रिपोर्ट तैयार करने के बाद इसे सरकार के पास भेजा जाएगा, कल महाराष्ट्र के मंत्री एवं नागपुर के प्रभारी मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा था कि सभी का पंचनामा करने का आदेश दे दिया गया है।+

बता दें कि सोमवार को दिन में नागपुर के महाल में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने विश्व हिंदू परिषद ने औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। शाम होते होते दो गुटों में विवाद शुरू हो गया। गांधी गेट पर शिवाजी की प्रतिमा के सामने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र को जलाया। धार्मिक चादर के जलने को लेकर मुस्लिम समाज में रोष फैला था। दोपहर की नमाज के बाद स्थानीय युवाओं ने यह कृत्य करने वालों के खिलाफ गणेशपेठ थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई।