गोण्डा में चला सघन चेकिंग अभियान, ब्रीथ एनालाइजर से जांच में 7 वाहनों का चालान

गोण्डा: जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर वाहन चालकों की सघन जांच की गई। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, हेलमेट न पहनने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई गई। साथ ही संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेज भी चेक किए गए। जांच में सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 7 वाहनों का चालान किया गया। इनमें शराब के नशे में वाहन चलाना, हेलमेट का प्रयोग न करना और यातायात नियमों की अनदेखी जैसे मामले सामने आए।
यातायात नियमों के पालन की अपील
एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसों का कारण बन सकती है। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और शराब पीकर वाहन चलाने से पूरी तरह बचें।

लोगों को किया गया जागरूक
अभियान के दौरान वाहन चालकों और आमजन को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क संकेतों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
