दुमका में सड़क हादसे का शिकार हुए कांवड़िए, ईंट के ढेर से जा टकराई कार, 5 घायल
दुमका: झारखंड के दुमका जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भगवान शिव के पांच कांवरिया उस समय घायल हो गए जब उनकी कार ईंटों के ढेर से जा टकराई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जरमुंडी थाना क्षेत्र के बेल्टिकरी गांव में हुई है। कांवरिया देवघर के बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर दुमका के बासुकीनाथ मंदिर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जरमुंडी पुलिस स्टेशन के प्रभारी श्यामानंद मंडल ने कहा, “घायलों को जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि एक ई-रिक्शा को बचाने की कोशिश में उनकी कार सड़क किनारे रखे ईंटों के ढेर से टकरा गई। घायल हुए सभी कांवरिया गिरिडीह जिले के बगोदर के रहने वाले हैं।


दो दिन पहले झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कम से कम छह कांवरियों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि एक हादसे में श्रद्धालुओं से भरी बस और रसोई गैस सिलेंडर से लदे ट्रक के बीच टक्कर हो गई, जिसमें छह कांवरियों की मौत हो गई और 24 घायल हो गए। वहीं, एक अन्य दुर्घटना में कार और ट्रक की टक्कर में पांच अन्य कांवरिया घायल हो गए।