Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

हिंदी और भारतीय संस्कृति का बढ़ाया वैश्विक मान, कवि डॉ. कुमार विश्वास को अमेरिका की कैलिफोर्निया असेंबली ने किया सम्मानित

हिंदी के प्रसिद्ध कवि और रामकथा के विद्वान डॉ. कुमार विश्वास को अमेरिका की कैलिफोर्निया असेंबली ने विशेष सम्मान प्रदान किया है। हिंदी कविता, रामकथा और भारतीय संस्कृति को दुनिया भर में पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कैलिफोर्निया असेंबली ने उन्हें ‘सर्टिफिकेट ऑफ रिकॉग्निशन’ प्रदान किया है। यह सम्मान हिंदी साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रदान किया गया है।

कैलिफोर्निया स्टेट लेजिस्लेचर के सदस्य और न्यायिक समिति के अध्यक्ष ऐश कालरा ने यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान-पत्र में डॉ. कुमार विश्वास के हिंदी काव्य और सांस्कृतिक योगदान की विशेष प्रशंसा की गई है। इसमें कहा गया है कि उन्होंने अपनी कविताओं और रामायण के प्रसंगों के माध्यम से दुनिया भर के लोगों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का काम किया है। साथ ही भारतीय विरासत को सहेजने और दक्षिण एशियाई भाषाओं की साहित्यिक समृद्धि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में उनके योगदान को भी सराहा गया है।

भारतीयों के साथ अमेरिकी श्रोता भी सुनने पहुंच रहे रामकथा
कवि डॉ. कुमार विश्वास इन दिनों अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान रामकथा के माध्यम से भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। उनके लोकप्रिय कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ के आयोजन अमेरिका के कई बड़े शहरों में हो रहे हैं। शिकागो, न्यू जर्सी और सैन फ्रांसिस्को में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ अमेरिकी और अन्य विदेशी श्रोता भी शामिल हुए। अब डॉ. कुमार विश्वास डलास में भी रामकथा सुनाएंगे।

इन कार्यक्रमों की खास बात यह है कि रामकथा केवल भारतीय समुदाय तक सीमित नहीं रह रही, बल्कि अमेरिकी श्रोता भी भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और भारतीय परंपराओं को जानने में रुचि दिखा रहे हैं। डॉ. कुमार विश्वास अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को आज के जीवन से जोड़कर नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे रामायण के गाने
आपको बता दें कि डॉ. कुमार विश्वास मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ के गीतों के बोल लिखने को लेकर भी चर्चा में हैं। फिल्म के गाने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रहे हैं। उनके लिखे गीतों की भाषा, भाव और शब्दों को श्रोता खूब पसंद कर रहे हैं।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be