Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आईवीआरआई में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के लाइव टेलीकास्ट कार्यक्रम का आयोजन 

बरेली,14 मार्च । भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर द्वारा आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 22वीं किस्त के लाइव टेलीकास्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी, असम से देशभर के 9.32 करोड़ किसान परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से 22वीं किस्त की राशि स्थानांतरित की। यह कार्यक्रम संस्थान द्वारा राज्य कृषि विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री एम. पी. आर्य, विधायक नवाबगंज, बरेली तथा श्री सुजीत कुमार, जिला अध्यक्ष, किसान यूनियन, बरेली उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य कृषि विभाग, बरेली के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ 221 किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान की संयुक्त निदेशक (प्रसार शिक्षा) डॉ. रूपसी तिवारी निदेशक डॉ. ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही इस राष्ट्रव्यापी योजना का उद्देश्य देश के 9.32 करोड़ किसानों को कृषि संबंधी खर्चों के लिए सीधे वित्तीय सहायता (वार्षिक ₹6,000) प्रदान करना है। किसानों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को रेखांकित किया तथा देशहित में आई.वी.आर.आई. द्वारा पशु विज्ञान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस अवसर पर बरेली जनपद के 10 किसानों को कृषि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘प्रगतिशील किसान पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। डॉ. एच. आर. मीना, प्रभारी, कृषि विज्ञान ने कार्यक्रम में सभागार में उपस्थित समस्त अतिथियों, किसान भाइयों एवं बहनों तथा आई.वी.आर.आई. के स्टाफ का आभार व्यक्त कियातथा सभी के सहयोग से कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर संस्थान के संयुक्त निदेशक, वैज्ञानिक एवं अधिकारीगण भी उपस्थित रहे ।                         बरेली से अखिलेश  चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------------------